भिलाई में हुई गजब की ठगी, फर्जी डीपी लगाकर 20 लाख का साइबर फ्रॉड, सुपेला थाने में केस दर्ज
सुपेला पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : May 24, 2026 at 1:26 PM IST
भिलाई: शातिर साइबर ठगों ने बड़ी ऑटोमोबाइल कंपनी को निशाना बनाते हुए 20 लाख की ठगी कर ली. ठगों ने कंपनी के डायरेक्टर की फोटो और डीपी लगाकर अकाउंटेंट को व्हाट्सएप मैसेज भेजा और खुद को कंपनी डायरेक्टर बताकर बड़ी रकम ट्रांसफर करा ली. ठगों ने अगले दिन फिर 48 लाख रुपए की डिमांड की. जिसके बाद ये खुलासा हुआ कि रकम मांगने वाला शख्स फर्जी और ठगी कर रहा है. मामला सुपेला थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
20 लाख का साइबर फ्रॉड
शिकायत के मुताबिक कंपनी के डायरेक्टर ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. कंपनी के शोरूम दुर्ग, भिलाई, रायपुर और राजनांदगांव में संचालित होते हैं. कंपनी की लेनदेन की जिम्मेदारी पिछले 13 साल से एक अकाउंटेंट संभाल रहा है. बताया जा रहा है कि कंपनी के डायरेक्टर इन दिनों विदेश यात्रा पर गए हुए हैं. इसी दौरान 21 मई की दोपहर अकाउंटेंट के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप मैसेज आया. उस नंबर पर डायरेक्टर की फोटो और डीपी लगी हुई थी, जिससे अकाउंटेंट को लगा कि मैसेज कंपनी डायरेक्टर ने ही भेजा है.
सुपेला थाने में फर्जीवाड़े की शिकायत दर्ज
मैसेज में एक बैंक अकाउंट को कंपनी के एसबीआई खाते में बेनिफिशियरी जोड़ने कहा गया. इसके बाद 20 लाख रुपए ट्रांसफर करने का निर्देश मिला. अकाउंटेंट ने बिना शक किए बताए गए खाते में रकम ट्रांसफर कर दी. अगले दिन उसी नंबर से फिर 48 लाख रुपए भेजने की मांग की गई. इस बार अकाउंटेंट ने डायरेक्टर से संपर्क किया. जब परिवार ने ऑस्ट्रेलिया में मौजूद अधिकारी से बात की, तब पता चला कि उन्होंने किसी तरह के भुगतान के निर्देश नहीं दिए थे. इसके बाद कंपनी प्रबंधन को साइबर ठगी का एहसास हुआ. मामले की शिकायत साइबर पोर्टल और थाने में की गई है. पुलिस ने अज्ञात मोबाइल नंबर और बैंक खाते के धारक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
जीपीएम में सोशल मीडिया के जरिए महिला को बदनाम करने की साजिश, साइबर सेल ने शुरू की जांच
बलरामपुर में अवैध खनन और परिवहन पर खनिज विभाग की कार्रवाई, चैन माउंटेड मशीन और ट्रक जब्त
पति ने की पत्नी की पीट-पीटकर हत्या, बीवी ने शराबी शौहर को पैसे देने से किया था इंकार

