नोएडा में साइबर ठगी के नेटवर्क का खुलासा, इंश्योरेंस पॉलिसी रिन्यूअल के नाम पर ठगी करने वाले 13 गिरफ्तार
इंश्योरेंस पॉलिसी रिन्यूअल के बहाने लोगों से ठगी करने के आरोप में नोएडा पुलिस ने 13 लोगों को गिरफ्तार किया है.

Published : January 6, 2026 at 7:04 PM IST
नई दिल्ली/नोएडा: राजधानी दिल्ली से सटे नोएडा में फर्जी कॉल सेंटर का खुलासा हुआ है. सेक्टर-36 स्थित साइबर क्राइम थाना और थाना सेक्टर-63 की टीम की संयुक्त कार्रवाई में 13 साइबर ठग गिरफ्तार किए गए, जो बीमा पॉलिसी के नाम पर लोगों से ऑनलाइन ठगी कर रहे थे.
डीसीपी साइबर क्राइम शैव्या गोयल के मुताबिक, साइबर अपराधियों की टोली लोगों को फोन करके खुद को नामी बीमा कंपनियों का एजेंट बताते थे. फिर लोगों का विश्वास हासिल करती थी. इसके बाद ग्राहकों को झांसा दिया जाता था कि उनकी पॉलिसी का बोनस मिलने वाला है या फिर पुरानी पॉलिसी पर अतिरिक्त लाभ दिलाने का लालच देती थी. गिरफ्तार साइबर ठग फर्जी लुभावनी स्कीमें बताकर लोगों को बैंक खातों में पैसे डालने के लिए प्रेरित करते थे. ठगी की रकम को 'म्यूल अकाउंट्स' (दूसरों के बैंक खातों) में मंगाया जाता था और बाद में आपस में बांट लिया जाता था.
डीसीपी शैव्या गोयल ने बताया कि पकड़े गए आरोपी शिक्षित है. गैंग का मास्टर माइंड छत्रपाल शर्मा MBA पास है, जबकि अन्य आरोपी समीर (B.Com) और सुहैल (B.A) ग्रेजुएट है. बाकी आरोपी भी 12वीं पास है, जो कॉल सेंटर में बैठकर लोगों को जाल में फंसाने का काम करते थे. पुलिस ने अवैध कॉल सेंटर से भारी मात्रा में तकनीकी उपकरण बरामद 31 मोबाइल फोन, 02 लैपटॉप मय चार्जर, और 01 मॉडम, P&T टेलीकॉलर सिस्टम, 721 वर्क डेटा शीट (जिसमें हजारों संभावित शिकारों की सूची थी) और 02 डायरियां बरामद की है.
डीसीपी ने बताया कि पुलिस हिरासत में लिए गए आरोपियों में मास्टरमाइंड से लेकर टेलीकॉलर्स तक शामिल है. ये गिरोह मार्केट से विभिन्न बीमा कंपनियों के ग्राहकों का डेटा अवैध रूप से खरीदता था. थाना सेक्टर-63 पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस अब इस गिरोह के बैंक खातों और डेटा सप्लाई करने वाले मुख्य सरगनाओं की तलाश में जुटी है.
ये भी पढ़ें:

