ETV Bharat / state

करनाल में 10 रुपये के लिए सब्जी विक्रेता की हत्या, ग्राहक ने बेटियों के सामने लाठी-डंडे से पीटा

अपने हक के 10 रुपये मांगना सब्जी विक्रेता को महंगा पड़ गया है. एक ग्राहक ने पत्नी और बच्चों के सामने उसकी हत्या कर दी.

Vegetable Vendor Murder In Karnal
सब्जी विक्रेता के परिवार में मातम (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : May 27, 2026 at 1:40 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

करनाल: गांव बूढ़ाखेड़ा में एक मामूली पैसों का विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया. दुकान पर सब्जी खरीदने आए दो युवकों ने 10 रुपये को लेकर शुरू हुई कहासुनी के बाद बुजुर्ग दुकानदार पर हमला कर दिया. आरोप है कि युवकों ने डंडों और ईंटों से हमला कर बुजुर्ग को गंभीर रूप से घायल कर दिया. अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार सदमे में है और गांव में भी आक्रोश का माहौल बना हुआ है.

दुकान पर बेटियों और पत्नी के साथ मौजूद थे संजय सैनी: मृतक की बेटी शिवानी के अनुसार उसके पिता संजय सैनी गांव की मुख्य सड़क के पास नाले किनारे फूड और सब्जी की दुकान चलाते थे. सोमवार रात करीब साढ़े नौ बजे वह अपनी मां और बहनों के साथ दुकान पर मौजूद थी. इसी दौरान दो युवक दुकान पर आए और करीब 210 रुपये का सामान खरीदने के बाद केवल 200 रुपये देकर जाने लगे.

अपने हक का 10 रुपया मांगने पर दुकानदार की पीट-पीट कर हत्या (ETV Bharat)

10 रुपये मांगने पर शुरू हुई गाली-गलौज: जब परिवार ने बाकी 10 रुपये मांगे तो दोनों युवक भड़क गए और गाली-गलौज करने लगे. शोर सुनकर संजय सैनी बीच में आए और युवकों को लड़कियों से बदतमीजी करने से रोका. आरोप है कि इसी बात पर युवकों ने संजय सैनी को धक्का दे दिया और मामला हाथापाई तक पहुंच गया.

Vegetable Vendor Murder In Karnal
हत्या के बाद जमा लोगों की भीड़ (ETV Bharat)

बेटियों ने पिता को बचाने की कोशिश की: झगड़ा बढ़ता देख संजय सैनी की बेटी सलौनी अपने पिता को बचाने के लिए आगे आई. उसने डंडा उठाकर आरोपियों को रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने वही डंडा छीनकर उस पर हमला कर दिया. बीच-बचाव करने पहुंची मां अनु सैनी के साथ भी मारपीट की गई. परिवार का आरोप है कि इसके बाद दोनों युवक और उग्र हो गए और उन्होंने संजय सैनी के सिर पर डंडों और ईंटों से कई वार किए.

Vegetable Vendor Murder In Karnal
मृतक सब्जी विक्रेता (ETV Bharat)

अस्पताल में जिंदगी की जंग हार गए संजय सैनी: हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. गंभीर हालत में परिजन संजय सैनी को पहले करनाल के सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से उन्हें कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया. लेकिन सिर में गंभीर चोट लगने के कारण इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया. मेडिकल रिपोर्ट में शरीर पर कई चोटों का जिक्र किया गया है, जिनमें सिर की चोट सबसे गंभीर बताई गई.

Vegetable Vendor Murder In Karnal
सब्जी विक्रेता के परिवार में मातम (ETV Bharat)

'10 रुपये के लिए हमारे पिता को मार डाला': रोते-बिलखते परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. बेटियों का कहना है कि मामूली सी बात पर उनके पिता की जान ले ली गई. परिवार में चार बेटियां हैं और संजय सैनी ही पूरे परिवार का सहारा थे. बेटियों ने बताया कि आरोपियों ने "पहले बदतमीजी की और फिर विरोध करने पर बेरहमी से हमला कर दिया."

Vegetable Vendor Murder In Karnal
सब्जी की दुकान (ETV Bharat)

पुलिस ने हत्या का केस दर्ज किया: घटना की सूचना मिलने के बाद थाना सेक्टर 32-33 पुलिस अस्पताल पहुंची और परिजनों के बयान दर्ज किए. पुलिस ने अज्ञात दो युवकों के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. थाना प्रभारी सतीश कुमार के अनुसार आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा.

ये भी पढ़ें-करनाल में चेहरे पर तेजाब डालकर युवक की हत्या, खेतों में पड़ा मिला शव, आरोपियों की तलाश जारी