CSMCL ओवरटाइम भुगतान घोटाला, जेल में बंद अनवर ढेबर अरेस्ट
अनवर ढेबर पर आरोप है कि भत्ता के नाम पर 100 करोड़ का कमीशन लिया है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : February 24, 2026 at 7:48 AM IST
रायपुर: छत्तीसगढ़ शराब घोटाला में अनवर ढेबर पहले से रायपुर के सेंट्रल जेल में बंद है. सोमवार को EOW एसीबी ने अनवर ढेबर को CSMCL ओवर टाइम भुगतान घोटाला मामले में लगभग 100 करोड़ रुपए कमीशन खाने के आरोप में गिरफ्तार किया है.
साल 2023 की जांच के बाद मामले में FIR
प्रवर्तन निदेशालय की तरफ से 29 नवंबर 2023 को तीन व्यक्तियों से नकद 28.80 लाख रुपये जब्त कर जरूरी कार्रवाई के लिए छत्तीसगढ़ सरकार को सूचना दी गई थी. जिसके आधार पर EOW ACB ने एफआईआर दर्ज किया था.
ढेबर पर ओटी भुगतान के नाम पर 100 करोड़ कमीशन का आरोप
EOW ACB की जांच में पाया कि CSMCL में षड्यंत्रपूर्वक मैनपावर, प्लेसमेंट एजेंसियों के माध्यम से ओवरटाइम भत्ता के नाम पर बड़े पैमाने पर भुगतान कराए गए. पेश किए गए बिल में दिखाया गया कि ओवरटाइम भत्ते का भुगतान एजेंसी को किया जाता था. एजेंसी द्वारा यह राशि आगे संबंधित कर्मचारियों को दी जानी थी.वर्ष 2019-20 से 2023-24 के बीच ओवरटाइम भत्ता के नाम पर लगभग 100 करोड़ रुपए से ज्यादा का भुगतान किया गया. नियमानुसार यह राशि शराब दुकानों में कार्यरत कर्मचारियों को अतिरिक्त भुगतान दी गई थी.
कर्मचारियों को नहीं किया गया ओवर टाइम का भुगतान
यह राशि बिलों के माध्यम से मैनपावर प्लेसमेंट एजेंसियों को इस उद्देश्य से भुगतान की जाती थी कि एजेंसियों द्वारा आगे संबंधित कर्मचारियों को वास्तविक भुगतान किया जाए. लेकिन व्यवहार में यह राशि कर्मचारियों को भुगतान न होकर एजेंसियों के माध्यम से अवैध रूप से कमीशन के रूप में निकाली व वितरित की जाती थी. यह पूरी प्रक्रिया वस्तुतः शासन के आबकारी राजस्व से ओवरटाइम भत्ते के नाम पर राशि निकालकर उसे वास्तविक कर्मचारियों तक न पहुंचाते हुए अनधिकृत लाभ कमीशन के रूप में बांटने जैसी थी.
इससे शासन के राजस्व को प्रत्यक्ष रूप से आर्थिक क्षति हुई. Eow ACB की जांच में यह बात भी सामने आई कि इस प्रकार प्राप्त कमीशन अंततः आरोपी अनवर ढेबर तक पहुंचाया जाता था. आरोपी को सोमवार को विशेष न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर लिया गया है.

