सीएसजेएमयू का 41 वां दीक्षांत समारोह 9 जुलाई को, 1 लाख स्टूडेंट्स को मिलेंगी डिग्रियां
दीक्षांत समारोह के दौरान पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के नए भवन सहित कई अन्य परियोजनाओं का लोकार्पण किया जाएगा.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : July 6, 2026 at 6:42 PM IST
कानपुर: छत्रपति शाहू जी महाराज विवि का 41वां दीक्षांत समारोह आगामी नौ जुलाई को आयोजित किया जाएगा, जिसमें 1 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं को डिग्रियां दी जाएंगी. इनमें 57298 छात्राएं और 50323 छात्र शामिल हैं. 92 शोधार्थियों को जहां पीएचडी की उपाधि मिलेगी, वहीं 51 मेधावी को 96 पदक दिए जाएंगे.
विवि के कुलपति प्रो.विनय पाठक नें सोमवार को पत्रकार वार्ता में बताया, दीक्षांत समारोह के मुख्य अतिथि अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईसीटीई) के चेयरमैन प्रो.योगेश सिंह होंगे, जबकि अध्यक्षता सूबे की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल करेंगी. कार्यक्रम में उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय व राज्यमंत्री रजनी तिवारी भी मौजूद रहेंगी.
चर्म शिल्प क्षेत्र में बेहतर काम करने वाली अंचल पी बिजलानी को मानद उपाधि दी जाएगी. प्रो.विनय पाठक ने कहा, कार्यक्रम से पहले हम छात्राओं का टीकाकरण कराएंगे. इसी तरह पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के नए भवन सहित कई अन्य परियोजनाओं का लोकार्पण भी होगा.
इसके साथ ही आर्चरी लॉन, बॉक्सिंग रिंग समेत अन्य खेल सुविधाओं का भी उद्घाटन किया जाएगा, जिसमें 100 छात्राओं व 100 छात्रों के लिए नए छात्रावास, कंवेंशन सेंटर, इलेक्ट्रानिक्स एवं कम्युनिकेश भवन, पुनर्वास केंद्र, मल्टी स्पेशिलिटी अस्पताल आदि अन्य परियोजनाएं भी शामिल हैं.
प्रो.विनय पाठक ने बताया, विवि के 41वें दीक्षांत समारोह में पहली बार मां-बेटी का सम्मेलन कार्यक्रम सबसे खास होगा. इस कार्यक्रम में जहां शिक्षकों का सम्मान होगा, वहीं खेल क्षेत्र से कई विशिष्टजनों को भी सम्मानित किया जाएगा. नौ स्टार्टअप का प्रेजेंटेशन किया जाएगा. इसके साथ ही विवि द्वारा छात्रों की मानसिक शक्ति को मजबूती देने के लिए नेवर एलोन एप की लांचिंग होगी.
वहीं, छात्रावास में रहने वाले छात्रों को किसी भी समय किसी आकस्मिक मदद के लिए सीनियर्स की सहायता मिल सके इसके लिए हॉस्टल केयर एप को लांच किया जाएगा.
ये भी पढ़ें: कानपुर में शोध की वैश्विक पहचान के लिए सीएसजेएमयू ने बनाया जागरूकता पैमाना

