ETV Bharat / state

स्ट्रीट डॉग के ऊपर महिला ने डाला खौलता पानी, पुलिस ने दर्ज की FIR, देखें वीडियो

गली में बैठे थे कुत्ते, तभी महिला ने उड़ेल दिया खौलता हुआ पानी, सीसीटीवी फुटेज के बाद पशु क्रूरता का मामला दर्ज.

Cruelty with street dogs in Ratlam
रतलाम में स्ट्रीट डॉग के साथ अमानवीयता (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : November 6, 2025 at 1:38 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

रतलाम : मध्य प्रदेश के रतलाम में स्ट्रीट डॉग के साथ क्रूरता का मामला सामने आया है. यहां शक्ति नगर में एक महिला पर स्ट्रीट डॉग पर खौलता पानी डालने का आरोप लगा है. इस घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें महिला कुत्ते पर पानी डालती नजर आ रही है, जिसके बाद डॉग इधर-उधर भागता और तड़पता हुआ नजर आ रहा है. घटना के बाद डॉग के शरीर पर घाव भी बन गए हैं.

पशु क्रूरता की इस घटना की शिकायत स्थानीय निवासी और पशुप्रेमी सूरज बारवाल ने औद्योगिक थाना रतलाम में की, जिसके आधार पर आरोपी महिला के विरुद्ध पशु क्रूरता अधिनियम व अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है.

गली में बैठे थे कुत्ते, तभी डाला खौलता पानी (Etv Bharat)

गली में बैठे थे कुत्ते, तभी डाला खौलता पानी

यह घटना 1 नवंबर की बताई जा रही है, जिसका सीसीटीवी फुटेज अब सामने आया है. फुटेज में नजर आता है कि महिला जग में पानी लेकर आती है और घर के बाहर बैठे कुत्ते पर डाल देती है. हालांकि, पानी गर्म था या ठंडा इसकी पुष्टि नहीं हुई है. लेकिन स्थानीय लोगों और शिकायतकर्ता के अनुसार महिला ने गर्म उबलता हुआ पानी डाला जिससे स्ट्रीट डॉग दर्द से तड़पता रहा और उसे शरीर पर घाव भी हो गया.

यह भी पढ़ें-

इस मामले में शिकायत करने वाले सूरज बोरवाल ने कहा, '' 1 नवंबर की सुबह अपने मकान की छत पर खड़ा था. उसी दौरान पड़ोसी निगम परिवार की महिला घर से जग में गरम पानी लेकर बाहर आई और स्ट्रीट डॉग पर डाल दिया. इसके बाद मैंने छत से नीचे उतरकर देखा तो कुत्ते की पीठ लाल पड़ गई थी, जिसपर बाद में घाव भी हो गया है.''

महिला ने कहा पानी नॉर्मल था, सीसीटीवी की हो रही जांच

वहीं, इस मामले में आरोपी महिला का कहना है कि उन पर लगे आरोप गलत हैं. कुत्ते को भगाने के लिए केवल सामान्य पानी ही डाला था, उसे नुकसान पहुंचाने का कोई इरादा नहीं था. वहीं, इस मामले की जांच कर रहे जांच अधिकारी राधु सिंह भिड़े ने बताया, '' पशु क्रूरता अधिनियम के अंतर्गत दर्ज मामले में सभी पक्षों के बयान दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है. ''

रतलाम में बढ़ रहा कुत्तों का आतंक

इस मामले में एक ओर स्थानीय लोगों का कहना है कि स्ट्रीट डॉग के प्रति कई लोग संवेदनहीन व्यवहार करते हैं, तो वहीं दूसरी ओर रतलाम में ही लोग कुत्तों के बढ़ते आतंक से परेशान हैं. आए दिन स्ट्रीट डॉग द्वारा लोगों को काटने की घटनाएं सामने आ रही हैं. हालांकि, स्ट्रीट डॉग्स पर लगाम लगाना प्रशासन की जिम्मेदारी है, पशु क्रूरता को किसी भी तरह से सही नहीं ठहराया जा सकता.