जमुई में नक्सल विरोधी अभियान को बड़ी सफलता, AK-47 के 49 जिंदा कारतूस बरामद
जमुई जिले में CRPF ने नक्सल विरोधी अभियान में AK-47 के 49 जिंदा कारतूस बरामद किए. जानें कहां छिपाकर रखा था कारतूस.

Published : January 9, 2026 at 12:06 PM IST
जमुई: बिहार के जमुई जिले के बरहट थाना क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने नक्सल विरोधी अभियान के तहत बड़ी कामयाबी हासिल की है. गुप्त सूचना के आधार पर सीआरपीएफ की 215 बटालियन ने विशेष सर्च ऑपरेशन चलाया. यह अभियान मुजफ्फरपुर रेंज के उपमहानिरीक्षक संदीप सिंह के निर्देशन और 215 बटालियन के कमांडेंट विनोद कुमार मोहरील के नेतृत्व में संचालित किया गया.
संयुक्त टीम का व्यापक सर्च ऑपरेशन: अभियान में 215 बटालियन की ए और बी कंपनी ने संयुक्त रूप से भाग लिया. फॉरवर्ड ऑपरेटिंग बेस (एफओबी) चोरमारा और पैसरा से अभियान शुरू किया गया. टीम ने जमुई और मुंगेर जिले की सीमा से सटे पहाड़ी एवं घने जंगलों में बड़े पैमाने पर तलाशी ली. इन इलाकों में नक्सलियों की गतिविधियां पहले से दर्ज की गई है.
जिंदा कारतूस बरामद: सर्च के दौरान पैसरा टीम को सुआसीन पहाड़ के पास सफलता मिली. यहां नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए AK-47 राइफल के 49 जिंदा कारतूस बरामद किए गए. यह कारतूस नक्सलियों के लिए महत्वपूर्ण गोला-बारूद थे, जिन्हें वे किसी बड़ी घटना के लिए इस्तेमाल कर सकते थे.

क्षेत्र में बढ़ाई गई सतर्कता: बरामदगी के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके में और अधिक सावधानी बरतते हुए आसपास के क्षेत्रों में विस्तृत सर्च ऑपरेशन जारी रखा. जवानों ने संभावित छिपने के स्थानों की गहन जांच की ताकि कोई अन्य सामग्री छूट न जाए.

नक्सलियों की साजिश पर लगाम: अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई नक्सलियों की किसी बड़ी साजिश को नाकाम करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है. बरामद कारतूसों से सुरक्षा बलों पर हमले की योजना हो सकती थी. इस सफलता से नक्सली संगठनों को झटका लगा है और क्षेत्र में उनकी गतिविधियां कमजोर पड़ेंगी.

भविष्य में अभियानों की तेजी: सुरक्षा एजेंसियों ने स्पष्ट किया है कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में निरंतर निगरानी रखी जा रही है. भविष्य में भी ऐसे नक्सल विरोधी अभियानों को और अधिक तेज किया जाएगा. इसका उद्देश्य क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और स्थिरता सुनिश्चित करना है, ताकि आम जनता बिना भय के जीवन यापन कर सके.
ये भी पढ़ें-
गया में STF और पुलिस की छापेमारी, कोल्ड ड्रिंक की बोतल से AK-47 के 64 जिंदा कारतूस बरामद
बिहार के गया एयरपोर्ट पर 10 जिंदा कारतूस के साथ यात्री गिरफ्तार, स्कैनिंग ने खोली पोल

