बिहार में नक्सलियों की साजिश नाकाम, CRPF ने डिफ्यूज किया 5KG का शक्तिशाली प्रेशर IED
गया में सीआरपीएफ ने 5 किलो का शक्तिशाली प्रेशर आईईडी बरामद कर सुरक्षित डिफ्यूज किया. नक्सलियों की सुरक्षा बलों पर हमले की साजिश नाकाम. पढ़ें-

Published : May 19, 2026 at 5:27 PM IST
गया: बिहार के गया जिले में नक्सलियों की विध्वंसक योजना को सुरक्षा बलों ने विफल कर दिया है. लुटुआ थाना क्षेत्र में CRPF की छापेमारी के दौरान एक शक्तिशाली 5 किलोग्राम का प्रेशर मेकैनिज्म आईईडी बम बरामद किया गया. CRPF के बम निरोधक दस्ते ने मौके पर ही इसे डिफ्यूज कर दिया, जिससे बड़े स्तर पर जान-माल की हानि टल गई.
गुप्त सूचना पर शुरू हुआ अभियान: CRPF की डी 215 बटालियन के कमांडेंट विनोद कुमार मोहरिल को गुप्त सूचना मिली थी कि लुटुआ थाना क्षेत्र में नक्सली गतिविधियां बढ़ाने की कोशिश की जा रही है. इस सूचना के आधार पर मंगलवार सुबह से सुरक्षा बलों ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया. लुटुआ क्षेत्र ऐतिहासिक रूप से नक्सल प्रभावित रहा है, जहां नक्सली पहले सक्रिय थे.
जंगल क्षेत्र में मिला खतरनाक बम: कैंप नागोबार से गुलरिया तरी होते हुए सिंहवा जंगल के पहाड़ी इलाके में CRPF जवानों ने सर्च अभियान चलाया. डीएसएमडी डिटेक्टर से बीप की आवाज आने पर सावधानीपूर्वक खुदाई की गई. खुदाई में 5 किलो का प्रेशर आईईडी बम निकला, जो सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के लिए जमीन में दबाया गया था.
नक्सलियों की नई रणनीति का संकेत: हाल के सालों में इन इलाकों में नक्सली गतिविधियां काफी कम हो गई थी. सुरक्षा बलों का मानना है कि नक्सली अब नई रणनीति के तहत आईईडी हमलों की तैयारी कर रहे थे. इस बम को सुरक्षा बलों को जान-माल की हानि पहुंचाने की मंशा से लगाया गया था.

कमांडेंट का बयान: CRPF डी 215 बटालियन के कमांडेंट विनोद कुमार मोहरिल ने बताया कि बरामद किया गया प्रेशर आईईडी काफी शक्तिशाली था. अज्ञात नक्सलियों द्वारा पुलिस और सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने की नीयत से इसे प्लांट किया गया था. उन्होंने इस कार्रवाई को बड़ी उपलब्धि बताया.
"5 किलोग्राम का प्रेशर आईईडी बरामद किया गया है. यह काफी शक्तिशाली प्रेशर आईईडी था. अज्ञात नक्सलियों के द्वारा पुलिस फोर्स को जान माल की हानि पहुंचाने की नीयत से प्रेशर आईईडी को जमीन के नीचे प्लांट किया गया था."-विनोद कुमार मोहरिल, कमांडेंट, डी 215 बटालियन, सीआरपीएफ

जारी है आगे की कार्रवाई: सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके में सर्च अभियान तेज कर दिया है. नक्सलियों की संभावित गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है. इस सफलता से स्थानीय स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती मिली है और आम नागरिकों में भी सुरक्षा की भावना बढ़ी है.
नक्सलवाद पर लगाम: गया के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा बलों की सतर्कता और सक्रियता से नक्सली तत्वों की कमर टूट रही है. यह बरामदगी न केवल एक बड़ी सफलता है बल्कि नक्सलियों को स्पष्ट संदेश भी है कि उनकी किसी भी साजिश को बेनकाब कर दिया जाएगा.
ये भी पढ़ें-
बिहार में नक्सलियों के मंसूबे पर फिरा पानी, सुरक्षा बलों ने भारी मात्रा में हथियार बरामद किए
Gaya Crime : आईईडी बनाने में उपयोग होने वाला 21.5 KG विस्फोटक बरामद, 754 पीस कारतूस मिले

