बिहार में आग का शोला बनी यात्री बस, सड़क हादसे में युवक की दर्दनाक मौत के बाद बवाल
रोहतास में यात्री बस को स्थानीय लोगों ने आग के हवाले कर दिया. युवक की दर्दनाक मौत के बाद भड़का था बवाल. पढ़ें पूरी खबर-

Published : December 15, 2025 at 8:24 AM IST
रोहतास: बिहार के रोहतास जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया. नोखा थाना क्षेत्र के बस स्टैंड के पास एक यात्री बस ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने बस को घेरकर आग लगा दी, जिससे बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई.
कैसे हुआ हादसा: रविवार देर शाम भलुआही गांव निवासी 35 वर्षीय राजेश गिरी उर्फ भुअर गिरी अपनी बाइक से घर लौट रहे थे. बस स्टैंड के पास तेज रफ्तार यात्री बस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार असंतुलित होकर सड़क पर गिर पड़े और बस की चपेट में आकर उनकी मौत हो गई. स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसा आरा-सासाराम मार्ग पर हुआ.
"अनियंत्रित यात्री बस ने एक बाइक सवार को रौंद दिया, जिसके बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. पीड़ित परिवार को मुआवजा मिले यही हमारी मांग है."-संजय कुमार, स्थानीय
पूरी बस को लगाई आग: हादसे के तुरंत बाद बस चालक वाहन लेकर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन ग्रामीणों ने सिंचाई कार्यालय के पास बस को घेर लिया. पहले बस में जमकर तोड़फोड़ की गई, फिर यात्रियों विशेषकर बच्चों को सुरक्षित उतारने के बाद बस में आग लगा दी गई. देखते ही देखते बस धू-धूकर जलने लगी और कुछ ही देर में पूरी तरह खाक हो गई.
मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड: बस में आग लगने की सूचना मिलते ही नोखा थाना अध्यक्ष दिनेश कुमार मालाकार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. फायर ब्रिगेड को बुलाया गया और आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी. पुलिस ने मृतक राजेश गिरी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेज दिया.

सड़क जाम और मुआवजे की मांग: घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मृतक परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग को लेकर आरा-सासाराम पथ पर जाम लगा दिया. इससे यातायात करीब दो घंटे तक ठप रहा. अंचल अधिकारी मधुसूदन चौरसिया ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाया और शांत कराया.
प्रशासन ने दिया आश्वासन: अंचल अधिकारी मधुसूदन चौरसिया ने बताया कि काफी मशक्कत के बाद स्थिति नियंत्रित हुई और यातायात बहाल किया गया. मृतक के परिजनों को नियमों के अनुसार उचित मुआवजा प्रदान किया जाएगा. पुलिस मामले की जांच कर रही है और बस चालक की तलाश जारी है.

"सड़क हादसे में युवक की दर्दनाक मौत हो गई है। अज्ञात लोगों के द्वारा बस को आग के हवाले कर दिया गया है. घटना की जांच की जा रही है. मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाएगा."- मधुसूदन चौरसिया, अंचल अधिकारी
ये भी पढ़ें-
बिहार में तेज रफ्तार का कहर! ट्रक ने पांच युवकों को रौंदा, दो की मौत

