नए साल के पहले दिन कैंची धाम में उमड़ी भक्तों की भीड़, गर्जिया देवी मंदिर में लगी एक किमी लंबी लाइन
नए साल के मौके पर कैंची धाम और गर्जिया देवी मंदिर में आशीर्वाद लेने पहुंचे हजारों श्रद्धालु, बोले- नववर्ष का मंदिर से किया शुभारंभ

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : January 1, 2026 at 6:55 PM IST
|Updated : January 1, 2026 at 8:53 PM IST
नैनीताल: नए साल 2026 का आगाज हो चुका है. ऐसे में साल की शुरुआत लोग मंदिरों के दर्शन और आशीर्वाद लेकर कर रहे हैं. नव वर्ष के मौके पर देश-विदेश से हजारों की संख्या में श्रद्धालु नीम करौली बाबा के दर्शन करने कैंची धाम पहुंचे. इसके अलावा मां गर्जिया देवी मंदिर में भी भक्तों की लंबी कतारें लगी रही.
नए साल के मौके पर विश्व प्रसिद्ध बाबा नीम करौली महाराज के कैंची धाम में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा. सुबह करीब 5 बजे से ही धाम में भक्तों की लंबी-लंबी कतारें लगी रही. हर कोई दर्शन पाने को लालायित नजर आया. शाम 5 बजे तक 35 हजार से ज्यादा भक्त बाबा नीम करौली के दर्शन कर चुके थे.
कैंची धाम पहुंचे श्रद्धालुओं का कहना था कि वे लंबे समय से बाबा नीम करौली महाराज के दर्शन की योजना बना रहे थे, लेकिन किसी न किसी कारणवश उनका यह कार्यक्रम सफल नहीं हो पा रहा था. अब नए साल के शुभ अवसर पर बाबा के दर्शन करने का मौका मिला. यहां पहुंचकर उन्हें मन की शांति और आत्मिक सुकून की अनुभूति हो रही है.
नववर्ष की शुरुआत करने के लिए बेहतर और पवित्र स्थान कहीं और नहीं: वहीं, कैंची धाम पहुंचे पर्यटकों का कहना है कि नववर्ष की शुरुआत करने के लिए बाबा नीम करौली महाराज के धाम से बेहतर और पवित्र स्थान कोई दूसरा नहीं हो सकता. यह स्थान अपने आप में खास है.

मानसिक शांति की हुई अनुभूति: श्रद्धालुओं का कहना था कि बाबा नीम करौली महाराज के प्रति लोगों की आस्था दिनोंदिन बढ़ती जा रही है. दर्शन के बाद कई भक्तों ने बताया कि बाबा के दर्शन कर उन्हें गहरी मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा की अनुभूति हुई.
नए साल के मौके पर पूरी हुई इच्छा: कुछ श्रद्धालुओं ने कहा कि वे कई सालों से कैंची धाम आने की योजना बना रहे थे, जो नए साल के शुभ अवसर पर पूरी हुई. श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बावजूद मंदिर प्रबंधन, पुलिस और प्रशासन की व्यवस्थाएं सराहनीय रही.
भक्तिमय माहौल में डूबा रहा कैंची धाम: पूरे दिन बाबा के जयकारों से कैंची धाम और आसपास का क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा रहा. भक्ति, श्रद्धा और अनुशासन के बीच नए साल के पहले दिन बाबा के दरबार में आस्था का यह संगम देखने लायक रहा.
वहीं, श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया. यातायात दबाव को कम करने और श्रद्धालुओं को सुरक्षित रूप से धाम तक पहुंचाने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से विशेष शटल सेवा संचालित की गई.

शटल वाहनों से कैंची धाम भेजे गए श्रद्धालु: वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर रोका गया, जहां से श्रद्धालुओं को शटल वाहनों के माध्यम से कैंची धाम भेजा गया. इससे जाम की स्थिति नहीं बनी और यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रही.
भीड़ और सुरक्षा के मद्देनजर कैंची धाम एवं आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था. पुलिस कर्मियों ने श्रद्धालुओं को कतारबद्ध कर दर्शन कराए तो वहीं ट्रैफिक पुलिस ने मार्गों पर लगातार निगरानी रखी.
गर्जिया देवी मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, एक किलोमीटर तक लगी भक्तों की कतारें: नववर्ष के पहले दिन उत्तराखंड के प्रसिद्ध गर्जिया देवी मंदिर में आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला. साल 2026 की शुरुआत मां गिरिजा देवी के दर्शनों के साथ करने के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं का सैलाब मंदिर परिसर में उमड़ पड़ा.
गर्जिया या गिरिजा मंदिर के बाहर करीब एक किलोमीटर तक भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं, जहां श्रद्धालु घंटों तक धैर्यपूर्वक मां के दर्शन का इंतजार करते नजर आए. वहीं, नववर्ष को देखते हुए मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था.

नए साल के अवसर पर गर्जिया देवी मंदिर में भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का माहौल बना रहा. तड़के सुबह से ही मंदिर के कपाट खुलते ही भक्तों का आना शुरू हो गया था. जयकारों और घंटियों की गूंज के बीच श्रद्धालु मां गिरिजा देवी की पूजा-अर्चना कर नववर्ष में सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना करते दिखे.
देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु रामनगर स्थित गर्जिया देवी मंदिर पहुंचे. दिल्ली, आगरा, मथुरा, हरियाणा, मुंबई, कोलकाता समेत कई राज्यों से आए भक्तों ने मां के चरणों में शीश नवाया और नए साल की शुरुआत आध्यात्मिक ऊर्जा के साथ की. कई श्रद्धालु अपने परिवार के साथ पहुंचे तो कई युवा मित्रों के साथ दर्शन के लिए कतारों में खड़े नजर आए.

भक्तों का कहना है कि गर्जिया देवी मंदिर में दर्शन करने से मन को शांति और सकारात्मक ऊर्जा मिलती है. नए साल के पहले दिन मां के दर्शन करना उनके लिए सौभाग्य की बात है. कई श्रद्धालुओं ने बताया कि वे हर बार नए साल पर यहां आकर मां का आशीर्वाद लेते हैं.
40 हजार से ज्यादा भक्तों ने किए दर्शन: गर्जिया मंदिर के मुख्य पुजारी मनोज पांडे ने बताया कि नववर्ष के पहले दिन गर्जिया देवी मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. उनके मुताबिक, करीब 40 हजार के आसपास भक्तों ने मां गर्जिया के दर्शन कर नए साल की शुरुआत की. सुबह से ही मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं.
ये भी पढ़ें-

