ETV Bharat / state

बाबा धाम में भक्तों की भारी भीड़, श्रावणी मेले से पहले अलर्ट मोड में प्रशासन

मलमास मेले को लेकर देवघर के बाबा धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी.

Baba Dham Deoghar
श्रद्धालुओं की भीड़ (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : May 31, 2026 at 6:20 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

देवघर: रविवार को बाबा बैद्यनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. मलमास मेले के दौरान उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार समेत देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु देवघर पहुंचे. श्रद्धालुओं ने बाबा बैद्यनाथ के दरबार में पूजा-अर्चना कर अपने और अपने परिवार की सुख-समृद्धि तथा उज्ज्वल भविष्य की कामना की.

श्रावणी मेला भी अब नजदीक है. ऐसे में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन अभी से तैयारियों में जुट गया है. श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर प्रशासनिक स्तर पर लगातार समीक्षा की जा रही है.

बाबा धाम में भक्तों की भारी भीड़ (Etv Bharat)

जिले के उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया, पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर समेत अन्य अधिकारी लगातार मंदिर क्षेत्र और आसपास के इलाकों का निरीक्षण कर रहे हैं. निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंदिर के आसपास फैली अव्यवस्थाओं पर तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. मंदिर क्षेत्र में जर्जर विद्युत तारों को बदलने, खराब सड़कों की मरम्मत, सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने और श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन को सुनिश्चित करने का कार्य तेजी से चल रहा है.

प्रशासन की ओर से स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि श्रावणी मेले से पहले मंदिर और उसके आसपास की सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त हो जानी चाहिए. श्रीराम झा चौक, क्यू कॉम्प्लेक्स, फुटओवर ब्रिज, मंदिर परिसर और रूट लाइन के अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर साफ-सफाई और आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है. श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने का निर्देश दिया गया है.

शनिवार देर शाम उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया और पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने मंदिर क्षेत्र और श्रावणी मेला रूट लाइन का संयुक्त निरीक्षण किया. इस दौरान अधिकारियों ने निर्माण कार्यों में लगे संवेदकों को निर्देश दिया कि वे सभी कार्य जल्द से जल्द पूरा करें, क्योंकि श्रावणी मेले से पहले ही श्रद्धालुओं का आगमन बढ़ने लगता है. वहीं रविवार को मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं ने बताया कि मलमास मेले और पूर्णिमा के कारण श्रद्धालुओं की संख्या काफी अधिक है. नालंदा से आए एक श्रद्धालु ने बताया कि वह सुबह तीन बजे से ही कतार में लगे थे, लेकिन पूजा-अर्चना करने में उन्हें दोपहर 12 बजे तक का समय लग गया.

मंदिर परिसर के बाहर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु बैठे नजर आए. कई श्रद्धालु भीड़ कम होने का इंतजार कर रहे थे ताकि वे बाद में कतार में लगकर आराम से बाबा का दर्शन और पूजन कर सकें. मंदिर के पुजारियों के अनुसार, रविवार को पूर्णिमा होने के कारण श्रद्धालुओं की संख्या सामान्य दिनों की तुलना में काफी अधिक रही. उनका कहना है कि अब यह भीड़ सावन तक लगातार बनी रहेगी और श्रावणी मेला शुरू होते ही श्रद्धालुओं की संख्या कई गुना बढ़ जाएगी.

इस वर्ष श्रावणी मेले की सुरक्षा व्यवस्था में भी कई महत्वपूर्ण बदलाव किए जा रहे हैं. प्रशासन की ओर से संकेत दिए गए हैं कि श्रद्धालुओं को कांवर के अलावा किसी भी प्रकार का अतिरिक्त सामान लेकर मंदिर परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी. इससे सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने में मदद मिलेगी.

यह भी पढ़ें:

देवघर पहुंचे बिहार सरकार के मंत्री विजय सिन्हा, बाबा बैद्यनाथ मंदिर में की पूजा-अर्चना

देवघर पहुंचे बिहार के पर्यटन मंत्री केदार गुप्ता, बाबा धाम मंदिर में की पूजा-अर्चना

बाबा धाम मंदिर की सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, बढ़ाई गई जवानों की संख्या, लेकिन क्या यह काफी है?