ETV Bharat / state

कॉर्बेट रामगंगा का खौफनाक 'शिकारी', पल भर में मगरमच्छ ने पकड़ा काकड़, वीडियो में कैद हुई तेजी

कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के मर्चुला क्रोकोडाइल प्वाइंट पर मगरमच्छ ने काकड़ को पलभर में अपना निवाला बनाया.

Crocodile Hunting
मगरमच्छ ने काकड़ का किया शिकार (Photo-Corbett Administration)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : March 3, 2026 at 12:36 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

रामनगर: कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के बीचों-बीच बहने वाली रामगंगा नदी से एक रोमांचक और रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो सामने आया है. यह दृश्य मर्चुला के प्रसिद्ध क्रोकोडाइल प्वाइंट का बताया जा रहा है, जहां मगरमच्छ ने अपनी फुर्ती और घातक अंदाज से एक काकड़ (Muntjac) का शिकार कर लिया. जिसका वीडियो वहां मौजूद पर्यटकों और स्थानीय लोगों द्वारा बनाया गया.

वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि काकड़ बेखबर होकर नदी किनारे पहुंचता है, उसे इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं होता कि उसके बगल में लकड़ी की तरह लेटा एक मगरमच्छ घात लगाए बैठा है. जैसे ही काकड़ मगरमच्छ के बेहद करीब पहुंचता है, मगरमच्छ बिजली की रफ्तार से हमला करता है, पलक झपकते ही वह अपने मजबूत जबड़ों में काकड़ को जकड़ लेता है,जब तक काकड़ कुछ समझ पाता, तब तक बहुत देर हो चुकी होती है. मगरमच्छ उसे तेजी से घसीटते हुए रामगंगा नदी के गहरे पानी में ले जाता है और कुछ ही क्षणों में दोनों पानी के भीतर ओझल हो जाते हैं.

मगरमच्छ ने काकड़ को बनाया निवाला (Video-Corbett Administration)

यह दृश्य जहां एक ओर पर्यटकों के लिए हैरान करने वाला था, वहीं वन्यजीवन की वास्तविकता को भी दर्शाता है,जंगल में हर पल जीवन और मृत्यु के बीच संघर्ष चलता रहता है. कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के डायरेक्टर डॉ. साकेत बडोला का कहना है कि यह प्राकृतिक प्रक्रिया का हिस्सा है. उन्होंने बताया कि शिकारी और शिकार दोनों ही ईको सिस्टम का अहम अंग हैं. इस प्रकार की घटनाएं जंगल के संतुलन को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं. रामगंगा नदी और मर्चुला क्षेत्र वन्यजीव प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं, जहां प्रकृति का यह अनछुआ और वास्तविक रूप अक्सर देखने को मिल जाता है.

बता दें कि करीब दो माह पूर्व भी कॉर्बेट पार्क के ढिकाला क्षेत्र से बहने वाली रामगंगा नदी का एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया था,जिस वीडियो में एक मगरमच्छ ने पानी के किनारे मौजूद एक टाइगर पर अचानक हमला कर दिया था. अचानक हुए इस हमले से जंगल का राजा भी कुछ पल के लिए असहाय नजर आया. हालांकि टाइगर ने फुर्ती दिखाते हुए खुद को मगरमच्छ के जबड़ों से बचा लिया और किसी तरह फुर्ती से निकल गया. यह दृश्य वहां मौजूद पर्यटकों और वन्यजीव प्रेमियों के लिए बेहद हैरान करने वाला था. वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था.

पढ़ें-