Save Aravalli : राजगढ़ क्षेत्र में अवैध खनन बेखौफ जारी, खुद देखिए...
अरावली पर संकट बरकरार. रात के अंधेरे में अवैध खनन. पुलिस अधिकारियों का भी भय नहीं. खुलेआम दिख रहे ओवरलोडेड ट्रैक्टर...

Published : January 5, 2026 at 6:01 PM IST
अलवर: अरावली पर्वतमाला को छलनी होने से बचाने के लिए अवैध खनन के खिलाफ राज्य सरकार की ओर से शुरू किए गए अभियान के बाद भी खनन माफिया बेखौफ हैं. इतना ही नहीं, खनन माफिया में पुलिस का भी भय नहीं दिखाई पड़ रहा है. यही कारण है कि सीसीटीवी फुटेज में अलवर जिले के राजगढ़ क्षेत्र में डीएसपी कार्यालय के सामने से खुलेआम अवैध खनन सामग्री से भरे ओवरलोडेड ट्रैक्टर निकलते दिखाई पड़ रहे हैं.
अरावली संरक्षण को लेकर सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद भी अलवर जिले में अवैध खनन पूरी तरह रूक नहीं पाया है. पुलिस व प्रशासन की सख्ती के चलते खनन माफिया अब रात के अंधेरे में अवैध खनन सामग्री की बेखौफ परिवहन कर रहे हैं. राजगढ़ कस्बे में रात होते ही अवैध रूप से खनन किए गए पत्थरों से भरे ओवरलोडेड ट्रैक्टर सड़कों पर दौड़ते दिखाई देते हैं. अवैध खनन से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां तेज रफ्तार में कस्बे के मुख्य बाजारों से गुजरती हैं. कैमरों और प्रशासन की निगरानी से बचने के लिए ओवरलोड ट्रैक्टर गणेश पोल, चौपड़ बाजार होते हुए मांदरीन मोहल्ले से निकल डीएसपी कार्यालय के सामने से फर्राटा भरते नजर आते हैं.
इतना ही नहीं, अवैध खनन सामग्री से भरे इन ट्रैक्टरों को सुरक्षा देने के लिए एक निजी कार भी इनके साथ चलती देखी गई है. इससे सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि अवैध खनन माफिया का नेटवर्क कितना मजबूत है. यह स्थिति तो तब है, जब इन दिनों राज्य सरकार की ओर से पूरे प्रदेश में पुलिस, राजस्व, खनन, वन एवं परिवहन विभाग की ओर से अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है. अभियान के दौरान पुलिस के नेतृत्व में अवैध खनन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है, लेकिन खनन माफिया पुलिस प्रशासन की कार्रवाई से बचने के लिए अब रात के अंधेरे और छोटे रास्तों का सहारा ले रहे हैं. अलवर पुलिस की ओर से पिछले दिनों बगड़ तिराहा थाना क्षेत्र में भी अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई की गई थी. इसके अलावा भी पुलिस की ओर से कई और जगहों पर भी कार्रवाई की गई है.
पढ़ें : Save Aravalli : अलवर में अवैध खनन के दर्द से कराह रही अरावली, 'नई परिभाषा' से वजूद पर संकट
एएसपी शरण कांबले ने बताया कि राजगढ़ में अवैध खनन कर ट्रैक्टर में पत्थर ले जाते हुए प्रकरण संज्ञान में आया है. इस प्रकरण में राजगढ़ पुलिस टीम ने ट्रैक्टरों का पीछा किया, लेकिन ट्रैक्टर बसवा की ओर निकल गए. उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में 4 ट्रैक्टर दिखाई दे रहे हैं. सीसीटीवी के माध्यम से ट्रैक्टरों के नंबरों की पहचान कर नियम अनुसार कार्रवाई की जाएगी.

