ETV Bharat / state

एक ही रात में दो ATM को बनाया निशाना, नीमराणा में उखाड़ ले गए पूरा एटीएम, बहरोड़ में सायरन बजने से टली लूट

बदमाशों ने नीमराणा के प्रतापसिंहपुरा में पूरा एटीएम उखाड़ लिया, जबकि बहरोड़ में सुरक्षा सायरन बजने से एक्सिस बैंक का एटीएम लुटने से बच गया.

नीमराणा में चोरों का आतंक
नीमराणा में चोरों का आतंक (फोटो ईटीवी भारत बहरोड़)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : July 5, 2026 at 8:34 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

बहरोड़ : जिले में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब उन्हें कानून का कोई खौफ नहीं रहा. बीती रात बदमाशों ने महज कुछ ही घंटों के भीतर दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में एटीएम को निशाना बनाकर पुलिस सुरक्षा चक्र को खुली चुनौती दे दी. पहली वारदात नीमराणा थाना इलाके के प्रतापसिंहपुरा गांव की है, जहां शातिर बदमाश पूरी एटीएम मशीन को ही उखाड़कर अपने साथ ले उड़े. वहीं, दूसरी वारदात बहरोड़ कस्बे में स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम पर हुई, जहां ऐन वक्त पर सुरक्षा सायरन बजने के कारण बदमाश घबरा गए और एक बड़ी लूट होने से बच गई.

नीमराणा में उखाड़ ले गए एटीएम : नीमराणा एडिश्नल एसपी सुरेश खींची ने बताया की रविवार तड़के करीब 3 बजे कुछ बदमाश एक वाहन में सवार होकर प्रतापसिंहपुरा गांव पहुंचे. उन्होंने पहले एटीएम के आसपास की गतिविधियों का जायजा लिया और फिर कुछ ही मिनटों में मशीन को उखाड़कर वाहन में डाल लिया. इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. सुबह जब स्थानीय लोगों ने एटीएम को गायब देखा तो पुलिस को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही नीमराणा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. शुरुआती जांच में सामने आया है कि पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है. फुटेज के आधार पर आरोपियों के वाहन और उनकी पहचान का प्रयास किया जा रहा है.

​सीसीटीवी में कैद हुए बदमाश, पूरे जिले में नाकाबंदी (वीडियो ईटीवी भारत बहरोड़)

इसे भी पढ़ें: CCTV पर छिड़का स्प्रे , फिर 30 मिनट में ATM काटकर पैसे लेकर फरार हुए बदमाश

​बहरोड़ में बज गया सायरन : चोरी की दूसरी वारदात को बदमाशों के एक अन्य गुट ने बहरोड़ शहर के रिहायशी इलाके में स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम को निशाना बनाने की कोशिश की. बदमाश केबिन के भीतर घुसे और मशीन को कटर या अन्य औजारों से तोड़ने का प्रयास करने लगे. लेकिन जैसे ही उन्होंने मशीन से छेड़छाड़ की, एटीएम में लगा अत्याधुनिक सुरक्षा अलार्म और सायरन अचानक तेज आवाज में गूंज उठा. सन्नाटे में सायरन की गूंज सुनते ही बदमाशों के हाथ-पांव फूल गए. पकड़े जाने के डर से घबराए चोर बिना एक भी रुपया छुए उल्टे पैर वहां से भाग निकले. समय रहते सायरन बज जाने की वजह से बैंक के लाखों रुपये सुरक्षित बच गए.

​सीसीटीवी में कैद हुए बदमाश, पूरे जिले में नाकाबंदी : वारदात की गंभीरता को देखते हुए नीमराणा और बहरोड़ थाना पुलिस भारी जाब्ते के साथ तुरंत घटनास्थलों पर पहुंची. पुलिस ने दोनों एटीएम केबिन और उसके आसपास लगे तमाम सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है. पुलिस फुटेज के जरिए बदमाशों के हुलिए और वारदात में इस्तेमाल की गई गाड़ी के नंबर को ट्रेस करने की कोशिश कर रही है. एएसपी सुरेश खींची के निर्देश पर पूरे जिले में तुरंत 'ए श्रेणी' की सख्त नाकाबंदी कराई गई है और संदिग्ध वाहनों की तलाश तेज कर दी गई है. उधर, बैंक प्रबंधन अभी यह आकलन करने में जुटा है कि प्रतापसिंहपुरा से चोरी हुए एटीएम में कुल कितनी नकदी मौजूद थी. पुलिस अधिकारियों का दावा है कि मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है और जल्द ही इस गैंग का पर्दाफाश कर आरोपियों को जेल भेजा जाएगा.

इसे भी पढे़ं: कैश डालने वाले दो कर्मचारी लापता, 28 ATM की थी जिम्मेदारी