ETV Bharat / state

बीसीसीएल कर्मी को अपराधियों ने मारी गोली, विधायक शत्रुघ्न महतो ने सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल

धनबाद के सोनारडीह ओपी से चंद कदम दूर बीसीसीएल कर्मी को आपराधियों ने गोली मार दी और फरार हो गए.

BCCL EMPLOYEE SHOT IN DHANBAD
घायल बीसीसीएल कर्मी (ईटीवी भारत)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : June 27, 2026 at 1:14 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

धनबाद: सोनारडीह ओपी क्षेत्र में अपराधियों ने बीसीसीएल कर्मी को गोली मार दी है. घटना सोनारडीह ओपी से महज कुछ कदम की दूरी पर बोकारो-धनबाद एनएच-32 के किनारे स्थित बीसीसीएल के समरसेबल पंप के पास हुई. यहां रात्रि पाली में ड्यूटी कर रहे पंप ऑपरेटर उमेश रविदास को केबल चोरों ने गोली मारकर घायल कर दिया.

घटना को लेकर बताया जा रहा है कि शुक्रवार देर रात करीब 1 से डेढ़ बजे के बीच लगभग 6 की संख्या में अपराधी समरसेबल पंप से केबल चोरी कर रहे थे. इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात बीसीसीएल कर्मी उमेश रविदास ने चोरी का विरोध किया. विरोध करने पर अपराधियों ने उन पर गोली चला दी. गोली उमेश रविदास के दाएं पैर में लगी और आर-पार हो गई.

जानकारी देते घायल बीसीसीएल कर्मी और बाघमारा विधायक (ईटीवी भारत)

घटना की जांच में जुटी पुलिस

गोली चलने और शोर होने के बाद सभी अपराधी मौके से फरार हो गए. घायल बीसीसीएल कर्मी ने किसी तरह अपने साथी को फोन कर बुलाया, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया. हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए सेंट्रल हॉस्पिटल धनबाद रेफर किया गया. घटना की सूचना मिलते ही सोनारडीह ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया है. पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छानबीन में जुटी है.

मौके पर पहुंचे विधायक शत्रुघ्न महतो

वहीं घटना की जानकारी मिलने पर बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो भी घटनास्थल पहुंचे. उन्होंने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए. विधायक ने कहा कि बाघमारा समेत पूरे झारखंड में कानून व्यवस्था की स्थिति खराब हो चुकी है और अपराधी बेखौफ होकर घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं. उन्होंने कहा कि जब थाना से कुछ दूरी पर इस तरह की घटना हो रही है तो आम आदमी की सुरक्षा पर सवाल उठना लाजमी है. बताया जा रहा है कि बीसीसीएल के इस समरसेबल पंप में लगातार केबल चोरी की यह तीसरी घटना है. बावजूद इसके अपराधियों के हौसले बुलंद हैं.

ये भी पढ़ें: अनुकंपा पर बीसीसीएल में नौकरी के लिए पुत्र ने करा दी पिता की हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार

धनबाद में पेयजल संकट से जूझ रहे लोगों का फूटा गुस्सा, बीसीसीएल जीएम कार्यालय का मेन गेट किया जाम

मुनीडीह वाशरी हादसा: जांच की प्रक्रिया शुरू, चार मजदूरों की मौत के बाद हरकत में आया BCCL