खूंटी में लाइनमैन को बदमाशों ने मारी गोली, जमीन विवाद के एंगल पर जांच तेज
खूंटी में अपराधियों ने बिजली विभाग के कर्मचारी को गोली मार दी.

Published : May 18, 2026 at 11:38 PM IST
रांची/खूंटीः राजधानी रांची से सटे खूंटी जिला के कर्रा थाना क्षेत्र में सोमवार देर शाम अपराधियों ने बिजली विभाग के एक लाइनमैन को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया. कर्रा के पदमपुर गांव में हुई इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और शुरुआती जांच में जमीन विवाद का मामला सामने आ रहा है. खूंटी एसपी ऋषभ गर्ग ने घटना की पुष्टि की है.
बिजली विभाग में कार्यरत लाइनमैन हेरमन हेरेंज सोमवार शाम करीब सात बजे पदमपुर गांव में मौजूद थे. इसी दौरान बाइक पर सवार तीन अपराधी वहां पहुंचे और उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. बताया जा रहा है कि अपराधियों ने तीन राउंड गोली चलाई, जिसमें एक गोली हेरमन की रीढ़ में जा फंसी. घटना के बाद गंभीर हालत में उन्हें इलाज के लिए नगड़ी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है.
इस घटना की सूचना मिलते ही कर्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर हमलावरों की पहचान में जुटी है. गांव में एहतियात के तौर पर पुलिस बल की तैनाती भी कर दी गई है.
इस मामले को लेकर खूंटी एसपी ऋषभ गर्ग ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आपसी जमीन विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है. एसपी के अनुसार कुछ दिन पहले विवादित जमीन को लेकर गांव में ग्राम सभा भी हुई थी, जिसमें हेरमन हेरेंज से जुड़े मामले पर चर्चा की गई थी. पुलिस अब ग्राम सभा में शामिल लोगों और विवाद से जुड़े पक्षों की गतिविधियों की जांच कर रही है.
एसपी ने कहा कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन कर छापेमारी की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
इसे भी पढ़ें- बोकारो में युवक को मारी गोली, रंगदारी की मांग को लेकर अपराधियों ने दिया घटना को अंजाम
इसे भी पढ़ें- रामगढ़ में युवक को लगी गोली, विवाद में फायरिंग की आशंका
इसे भी पढ़ें- प्रेम प्रसंग में युवती की गोली मारकर हत्या, जांच में जुटी सिमडेगा पुलिस

