गुमला में ज्वेलरी व्यवसायी से लूटपाट, करीब 15 लाख के आभूषण की लूट
गुमला में ज्वेलरी व्यवसायी से अपराधियों ने लूटपाट की है.

Published : July 7, 2026 at 11:34 PM IST
गुमलाः जिला के पालकोट मुख्य बाजार स्थित माही ज्वेलर्स के मालिक से मंगलवार देर शाम हथियार के बल पर लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए गए. घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस अपराधियों की तलाश में जुट गई है.
जानकारी के अनुसार माही ज्वेलर्स के संचालक मनीष सोनी (पिता- विष्णु सोनी) मंगलवार को अपनी दुकान बंद कर मोटरसाइकिल से अपने निवास स्थान पालकोट बस्ती जा रहे थे. इसी दौरान भीमो कंसारी के घर के समीप, जो घनी आबादी वाला क्षेत्र माना जाता है, पहले से घात लगाए बैठे तीन अपराधियों ने उन्हें रोक लिया.
अपराधियों ने पिस्तौल दिखाकर डराया और सोने-चांदी के आभूषणों से भरा बैग छीन लिया. बताया जाता है कि लूटे गए आभूषणों की कीमत लगभग 25 से 30 लाख रुपये के बीच है. मनीष सोनी द्वारा विरोध किए जाने पर अपराधियों ने हवाई फायरिंग भी की, जिससे आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई.
इस घटना को अंजाम देने के बाद तीनों अपराधी एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर पालकोट बस स्टैंड होते हुए गुमला की ओर फरार हो गए. इस वारदात की सूचना मिलते ही पालकोट पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस द्वारा संभावित मार्गों एवं आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है.
गुमला एसपी हारिस बिन जमां के द्वारा इस घटना की पुष्टि की गयी है. एसपी ने बताया है कि अपराधियों द्वारा लूट गए जेवरात करीब 15-20 लाख रुपए की होंगे, ऐसा व्यवसायी ने बताया है. अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस सीसीटीवी कैमरा और जगह-जगह पर तलाशी कर रही है.
बता दें कि इससे पूर्व भी माही ज्वेलर्स की दुकान में लूट की घटना हो चुकी है. लगातार दूसरी बार हुई इस वारदात ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
इसे भी पढे़ं- हजारीबाग में ज्वेलरी दुकानदार से लूट, बाइक की डिक्की से उड़ाए 25 लाख के गहने
इसे भी पढे़ं- देवघर में एक ज्वेलरी दुकान में लाखों की लूट, दुकानदार को दी गई जान से मारने की धमकी
इसे भी पढे़ं- पलामू के मनातू और पांकी के सीएसपी में लूट, सीसीटीवी में हथियार लहराते हुए दिखे अपराधी

