बिहार में सरपंच पति समेत दो को मारी गोली, जानें पूरा विवाद
भोजपुर में अपराधियों ने सरपंच पति समेत दो को गोली मार दी. जिसके बाद गांव को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गायृ


Published : April 20, 2026 at 5:59 PM IST
भोजपुर : बिहार के भोजपुर में बाइक विवाद को लेकर हथियारबंद बदमाशों ने सरपंच पति समेत दो लोगों को गोली मार दी. मामला चरपोखरी थाना क्षेत्र का है. गोली लगने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए. फायरिंग के बाद तीनों बदमाश मौके से भागने में कामयाब रहे.
फायरिंग में 2 लोगों को लगी गोली : घटना के बाद परिजनों द्वारा जख्मी सरपंच पति को इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाया गया, जबकि उनके दोस्त का इलाज चरपोखरी पीएचसी में चल रहा है. सूचना मिलते ही पीरो एसडीपीओ कृष्ण कुमार सिंह एवं चरपोखरी थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू कर दी.

बाइक विवाद में मारी गोली : जख्मी मनोज शर्मा ने विवाद की वजह बताई और कहा कि उनकी मौसी लखमुना देवी रविवार की शाम को घर से कुछ दूरी पर टहल रही थीं, इसी दौरान बाइक सवार युवकों ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गईं. इलाज के दौरान ही उनकी मौत हो गई. इसके बाद ग्रामीणों ने दुर्घटना में शामिल बाइक को जब्त कर लिया.
"मौसी को टक्कर मारने वाली बाइक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और मेरी फर्नीचर की दुकान के पास खड़ा कर दिया. जिसके अगले दिन तीन हथियारबंद अपराधी पहुंचे और जबरन बाइक ले जाने लगे. विरोध करने पर उन्होंने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी जिसमें हम दोनों लोगों को गोली लगी है."- मनोज शर्मा, घायल शख्स

अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी : घटना के संबंध में पीरो एसडीपीओ के.के. सिंह ने बताया कि बाइक विवाद में फायरिंग की बात सामने आ रही है. बरामद बाइक के आधार पर अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
"फायरिंग की घटना बाइक विवाद के चलते सामने आ रही है. बरामद बाइक को पुलिस ने जब्त कर लिया है. बाइक के आधार पर अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है."- केके सिंह, एसडीपीओ, पीरो
ये भी पढ़ें-

