भरतपुर में बदमाशों का आतंक: एक घंटे में दो जगह फायरिंग और लूट से दहला शहर, परचून व्यापारी को गोली मार बैग छीना
बदमाशों ने दो जगह फायरिंग कर परचून व्यापारी से हजारों की लूट की और दूसरी जगह पांच लाख रुपये लूटने का असफल प्रयास किया.

Published : July 5, 2026 at 7:31 AM IST
भरतपुर : शहर में शनिवार की रात बेखौफ बदमाशों ने कानून-व्यवस्था को सरेआम ठेंगा दिखा दिया. बदमाशों ने महज एक घंटे के भीतर दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में अंधाधुंध फायरिंग और लूटपाट की वारदातों को अंजाम देकर सनसनी फैला दी. पहली वारदात में जहां चिकसाना थाना इलाके में एक परचून व्यापारी को गोली मारकर उसकी दिनभर की कमाई लूट ली गई, वहीं दूसरी घटना में सेवर थाना क्षेत्र के तहत मथुरा से पांच लाख रुपये लेकर लौट रहे शख्स पर जानलेवा हमला किया गया. हालांकि, दूसरी वारदात में जांबाजी के चलते बदमाश रकम लूटने में नाकाम रहे. दोनों ही घटनाओं में घायल हुए लोगों को इलाज के लिए आरबीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है.
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र यादव ने बताया कि चिकसाना क्षेत्र में व्यापारी पर फायरिंग कर नकदी से भरा बैग लूटा गया है. पुलिस की विशेष टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं और जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. वहीं सेवर थाना पुलिस ने दूसरे मामले में घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है. पीड़ित के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है.
इसे भी पढे़ं: GST के असिस्टेंट कमिशनर के घर में घुसे नकाबपोश बदमाश, डेढ़ घंटे तक परिवार को बंधक बनाकर की मारपीट, 20 तोला सोना लेकर फरार
व्यापारी पर फायरिंग कर लूटा रुपयों से भरा बैग : पहली घटना शनिवार रात करीब 9:15 बजे चिकसाना थाना क्षेत्र में मारुति नंदन कॉलेज के पास हुई. जानकारी के अनुसार बिजलीघर के समीप परचून की दुकान संचालित करने वाले प्रमोद कुमार मित्तल पुत्र धीतरमल मित्तल निवासी पुष्प वाटिका कॉलोनी अपने बेटे निशांक मित्तल के साथ दुकान बंद कर स्कूटी से घर लौट रहे थे. निशांक ने बताया कि इसी दौरान पीछे से एक बाइक पर सवार तीन युवक आए. तीनों ने अपने चेहरे कपड़े से ढक रखे थे. बदमाशों ने चलते-चलते प्रमोद मित्तल के कंधे पर टंगा बैग झपट लिया. बैग में दिनभर की बिक्री के करीब 50 से 60 हजार रुपये रखे हुए थे. जब प्रमोद मित्तल ने विरोध किया तो बदमाशों ने उन पर फायरिंग कर दी. गोली के छर्रे उनकी पीठ में लगे, जिससे स्कूटी असंतुलित होकर गिर गई और पिता-पुत्र दोनों सड़क पर गिर पड़े. पीछे आ रहे एक राहगीर ने शोर मचाया तो बदमाश बैग लेकर फरार हो गए. घायल प्रमोद मित्तल को उनका बेटा तुरंत आरबीएम अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां उनका उपचार जारी है. चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत में सुधार है.
5 लाख रुपये लेकर लौट रहे व्यक्ति पर हमला : पहली घटना के करीब एक घंटे बाद रात 10:15 बजे सेवर थाना क्षेत्र के गोलपुरा मोड़ पर दूसरी वारदात हुई. धानोता निवासी एवं वर्तमान में सुभाष नगर निवासी राजू शर्मा पुत्र तेजराम शर्मा मथुरा में जमीन खरीदने के लिए 5 लाख रुपये नकद उधार लेकर लौट रहे थे. जैसे ही वह गोलपुरा मोड़ के पास पहुंचे, पीछे से आए बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोकने की कोशिश की. विरोध करने पर बदमाशों ने उन पर फायरिंग कर दी, जिससे राजू शर्मा घायल हो गए. हालांकि हमले के बावजूद बदमाश उनके पास मौजूद 5 लाख रुपये नहीं लूट सके और मौके से फरार हो गए. घायल राजू शर्मा को भी तत्काल आरबीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है. डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत खतरे से बाहर है.
इसे भी पढे़ं: जयपुर: मंदिर से लौट रही बुजुर्ग महिला से लूट, आरोपी मध्यप्रदेश से गिरफ्तार, पुलिस ने खंगाले 500 CCTV
पूरे जिले में नाकाबंदी, पुलिस अलर्ट : दोनों घटनाओं की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. पहली घटना के बाद पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीणा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र यादव और ग्रामीण अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कन्हैया लाल मौके पर पहुंचे. जिलेभर में नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू कराई गई.

गहलोत ने सरकार का घेरा : भरतपुर में लूट की घटना के बाद राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर राज्य सरकार को कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर घेरा. उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा कि राजस्थान में लॉ एंड ऑर्डर पूरी तरह ध्वस्त हो चुका है. मुख्यमंत्री के अपने गृह क्षेत्र भरतपुर में महज 30 मिनट के भीतर दो व्यापारियों पर ताबड़तोड़ गोलियां चलना साफ दिखाता है कि भाजपा सरकार का इकबाल खत्म हो चुका है. अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और कानून का डर शून्य है. जनता की सुरक्षा भगवान भरोसे छोड़ सरकार आंखें मूंद कर बैठी है. आखिर प्रदेश इस लापरवाही की कितनी बड़ी कीमत चुकाएगा?

