ETV Bharat / state

ठेकेदार रामनरेश राय हत्याकांड का हुआ खुलासा, 5 लाख की दी थी सुपारी.. हथियार के साथ दो शूटर गिरफ्तार

वैशाली में ठेकेदार रामनरेश राय हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. दो शूटर को गिरफ्तार कर लिया गया है. रिपोर्ट-अमरेश कुमार शर्मा

Ramnaresh Rai murder case
रामनरेश राय हत्याकांड (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : August 21, 2026 at 7:40 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

वैशाली: बिहार के वैशाली जिले के हाजीपुर सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत दिग्घी गांव में 13 अगस्त को मॉर्निंग वॉक के दौरान चर्चित ठेकेदार और समाजसेवी रामनरेश राय की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इस मामले में एसटीएफ और पटना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो शूटरों को दानापुर के सगुना मोड़ से गिरफ्तार किया गया है. उनके पास से हथियार भी बरामद किए गए हैं.

दो शूटर समेत तीन गिरफ्तार: आरोपियों की पहचान बिदुपुर थाना क्षेत्र के भैरौपुर निवासी रमेश कुमार और सदर थाना क्षेत्र के बलवा कुंआरी निवासी आदित्य प्रकाश के रूप में हुई है. वैशाली एसपी शुभांक मिश्रा ने बताया कि नामजद आरोपी सहदेव राय सहित अब तक कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है.

हत्या के लिए पांच लाख की सुपारी: दोनों गिरफ्तार अपराधियों ने पूछताछ में खुलासा किया कि हत्या के लिए पांच लाख रुपये की सुपारी दी गई थी, जिसमें से एक लाख रुपये एडवांस के रूप में दिए गए थे. अपराधियों की बात मुकेश नाम के व्यक्ति से हो रही थी. प्राथमिकी में भी मुकेश राय का नाम शामिल है, इसलिए पुलिस जांच कर रही है कि नामजद मुकेश ही अपराधियों से संपर्क में था या कोई अन्य व्यक्ति.

छोटू राणा को दी गई थी जिम्मेदारी: एसपी के अनुसार इस हत्याकांड को अंजाम देने की जिम्मेदारी मुजफ्फरपुर जिले के कुख्यात अपराधी छोटू राणा को सौंपी गई थी. छोटू राणा ने ही सभी अपराधियों को हायर किया था. पुलिस अभी सुपारी देने वाले व्यक्ति की पहचान करने में जुटी हुई है.

एसपी शुभांक मिश्रा (ETV Bharat)

क्या है पूरा मामला?: बीते 13 अगस्त को सुबह रामनरेश राय अपने घर से थोड़ी दूरी पर मॉर्निंग वॉक कर रहे थे. तभी चार अपराधियों ने उन्हें घेर लिया और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. कई गोलियां लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई.

क्या कहती है पुलिस?: एसपी शुभांक मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से और जानकारी जुटाने के प्रयास जारी है. एसटीएफ और स्थानीय पुलिस मिलकर बाकी फरार आरोपियों तथा मुख्य साजिशकर्ता तक पहुंचने के लिए जांच तेज कर दी गई है. अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही और गिरफ्तारियां होने की संभावना है. इस हत्याकांड ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया था, जिसे पुलिस की इस सफलता से कुछ राहत मिली है.

"इस मामलें में नामजद आरोपी सहदेव राय सहित तीन आरोपी की गिरफ्तारी हो चुकी है. पटना के दानापुर से गिरफ्तार दोनों अपराधी रमेश और आदित्य ने खुलासा किया कि हत्या के लिए 5 लाख की सुपारी दी गई थी और एक लाख रुपया एडवांस भी दिया गया था. हालांकि यह सुपारी किसने दी इसका खुलासा नहीं हुआ है."-शुभांक मिश्रा, एसपी

ये भी पढ़ें-

रामनरेश राय के परिवार से मिले तेजस्वी यादव, बिहार पुलिसिंग पर उठाए सवाल