बरियातू फायरिंग केस में खुलासा, अपराधी लव कुश शर्मा ने दिया था अंजाम, तलाश में रांची पुलिस
रांची पुलिस के मुताबिक बरियातू गोलीकांड को कुख्यात अपराधी लव कुश ने अंजाम दिया था. पुलिस तलाश में जुटी है. प्रशांत कुमार की रिपोर्ट.

Published : September 1, 2026 at 1:18 PM IST
रांची: राजधानी के बरियातू थाना क्षेत्र स्थित मंडा बगीचा में हुई गोलीबारी की वारदात को कुख्यात लव कुश शर्मा ने अपने साथी गौरव के साथ मिलकर अंजाम दिया था. दोनों की पहचान होने के बाद रांची पुलिस की स्पेशल टीम लव कुश की तलाश में जुट गई है.
रविवार की रात टोनी को मारी गोली
रांची के कुख्यात अपराधी लव कुश शर्मा एक बार फिर अपराध की दुनिया में एक्टिव हो गया है. रविवार की रात बरियातू थाना क्षेत्र के मंडा बगीचे में हुई गोलीबारी की वारदात को लव कुश शर्मा ने ही अंजाम दिया था. वारदात को अंजाम देने के समय लव कुश के साथ उसका एक और गुर्गा गौरव बाड़ा भी मौजूद था. गोलीबारी में रांची के रातू इलाके के रहने वाले जमीन कारोबारी टोनी लोहरा को गोली लगी थी. फिलहाल उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है.
पुलिस की जांच में यह बात भी सामने आई है कि टोनी से लव कुश का कोई विवाद दूर दूर तक नहीं था. इसके बावजूद लव कुश ने टोनी को गोली मार दी. पहले यह कहा जा रहा था कि मामला जमीन विवाद का है. लेकिन पुलिस की जांच में फिलहाल ऐसा कुछ सामने नहीं आया है.
एसआईटी का गठन, गिरफ्तारी के लिए रेड
गोलीबारी में कुख्यात लव कुश शर्मा का नाम आने के बाद रांची पुलिस भी अलर्ट हो गई है. रांची के सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि मंडा बगीचा कांड में सीधे तौर पर लव कुश का नाम सामने आया है. गोलीबारी की घटना को अंजाम देने के बाद से ही लव कुश फरार है. सिटी एसपी ने बताया कि लव कुश शर्मा की गिरफ्तारी के लिए एसआईटी का गठन किया गया है. एसआईटी में सदर डीएसपी, बरियातू थानेदार सहित कई अफसरों को शामिल किया गया है. टीम लव कुश शर्मा के सभी संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है.
रंगदारी से लेकर हत्याकांड तक मामले हैं दर्ज
राजधानी रांची में अपराध की दुनिया में लवकुश शर्मा एक चर्चित नाम रहा है. हत्या, जानलेवा हमला, रंगदारी और हथियार रखने जैसे गंभीर अपराधों से जुड़े दो दर्जन से अधिक मामलों में वह नामजद है. रांची के अलग-अलग थानों में दर्ज मामलों के कारण पुलिस के लिए वह लंबे समय तक चुनौती बना रहा. साल 2022 में उसे बिहार से गिरफ्तार किया गया था. लेकिन जमानत के बाद वह जेल से बाहर आ चुका है और फिर अपराध की दुनिया से जुड़ गया है. लवकुश शर्मा के खिलाफ रांची के सुखदेवनगर, बरियातू, कोतवाली और लालपुर थाना क्षेत्र में 24 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं
2015 में रंगदारी नहीं मिलने पर की थी फायरिंग
साल 2015 में पथ निर्माण विभाग के इंजीनियर समरेंद्र प्रताप सिंह से एक करोड़ की रंगदारी लव कुश ने मांगी थी. जब रंगदारी नहीं मिली तब लव कुश ने दिनदहाड़े इंजीनियर समरेंद्र पर फायरिंग की थी. गोलीबारी में समरेंद्र घायल हो गए थे. 2015 में गोलीकांड में लव कुश को गिरफ्तार करने के दौरान भी रांची पुलिस को भारी फजीहत उठानी पड़ी थी. 5 फरवरी 2016 में पटना के पालीगंज में रांची पुलिस और लव कुश के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें लव कुश तो बच गया, लेकिन एक ग्रामीण की मौत हो गई थी. हालांकि बाद में कड़ी मशक्कत के बस लव कुश को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था.
कालू लामा हत्याकांड के बाद फिर चर्चा में आया नाम
लवकुश शर्मा का नाम सबसे ज्यादा कालू लामा हत्याकांड के बाद चर्चा में आया. 27 जनवरी 2022 को रांची के मोरहाबादी मैदान में दिवंगत शिबू सोरेन के आवास के पास अपराधी कालू लामा की हत्या कर दी गई थी. इस चर्चित हत्याकांड को लवकुश शर्मा गिरोह के द्वारा ही अंजाम दिया गया था. पुलिस की कार्रवाई तेज होने के बाद लवकुश शर्मा लंबे समय तक फरार रहा. वह लगातार अपने ठिकाने बदलता रहा. जिससे पुलिस को उसे पकड़ने में काफी मशक्कत करनी पड़ी. हालांकि, पुलिस और एटीएस की लगातार निगरानी के बीच दिसंबर 2022 में उसकी गिरफ्तारी बिहार के अरवल जिले से हुई थी.
ये भी पढ़ें: शराब पार्टी के बाद फायरिंग, युवक के पेट में लगी गोली, जांच में जुटी पुलिस
हजारीबाग में पुलिस और अफीम तस्करों के बीच मुठभेड़, एक अपराधी घायल, दो गिरफ्तार
लोहरदगा बाईपास निर्माण स्थल पर अपराधियों ने की फायरिंग, गार्ड को लगी गोली, हाइवा में लगाई आग

