ETV Bharat / state

देवभूमि हिमाचल में तीन साल में 1011 रेप, 248 मर्डर, कुल 203 लोगों ने की आत्महत्या

हिमाचल प्रदेश में अपराध के चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए है. ये आंकड़े विधानसभा में पेश किए गए हैं.

देवभूमि हिमाचल में तीन साल में 1011 रेप, 248 मर्डर
देवभूमि हिमाचल में तीन साल में 1011 रेप, 248 मर्डर (PIC CREDIT: IANS)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : November 28, 2025 at 4:55 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

शिमला: देवभूमि के नाम से विख्यात हिमाचल प्रदेश में तीन साल में दुष्कर्म के 1011 मामले दर्ज किए गए हैं. अपराध के चौंकाने वाले आंकड़ों के अनुसार राज्य में तीन साल की अवधि में 31 अक्टूबर तक 1011 महिलाओं से दुष्कर्म हुआ. इनमें से 818 मामलों में जांच के बाद उन्हें न्यायालय में भेजा गया है. दुष्कर्म के कुल 29 मामलों में दोषियों को सजा सुनाई गई है. साथ ही 102 मामलों में आरोपी बरी हो गए हैं.

इसके अलावा राज्य में मर्डर के 248 मामले दर्ज किए गए हैं. हत्या के कुल 2 मामलों में सजा हुई है. तीन साल की अवधि में हिमाचल प्रदेश में 203 लोगों ने मौत को गले लगा लिया. आत्महत्या का ये आंकड़ा बताता है कि राज्य में हर साल 68 लोग आत्महत्या कर रहे हैं. अपराध के मामलों से जुड़ी ये जानकारी हिमाचल प्रदेश विधानसभा के विंटर सेशन के दौरान सामने आई है.

बंजार के भाजपा विधायक सुरेंद्र शौरी ने राज्य में तीन साल की अवधि में दुष्कर्म, हत्या व आत्महत्या के मामलों की जानकारी से जुड़ा सवाल किया था. चूंकि गृह विभाग सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू के पास है, लिहाजा उनकी तरफ से जवाब दिया गया. जवाब में सामने आई जानकारी के अनुसार राज्य में तीन साल की अवधि में रेप के 1011 मामले, हत्या के 248 व आत्महत्या के 203 मामले दर्ज किए गए हैं. कुल अपराध के 1462 मामले दर्ज हुए. उनमें से 149 अभी भी जांच के अधीन हैं. सिर्फ 33 मामलों में आरोपियों को सजा हुई है. कुल 1130 मामले अदालत में पेश किए गए और 987 मामले अदालत में विचाराधीन हैं. कुल 149 मामलों में जांच चल रही है. उनमें से 148 मामलों की जांच हिमाचल प्रदेश पुलिस विभाग कर रहा है. वहीं, हिमाचल प्रदेश पावर कारपोरेशन के चीफ इंजीनियर विमल नेगी की संदिग्ध मौत के मामले की जांच सीबीआई को सौंपी गई है.

ये भी पढ़ें: 18 पेंशनर्स संगठनों ने क्यों खोला सरकार के खिलाफ मोर्चा? धर्मशाला में किया प्रदर्शन