भीलवाड़ा में एक साल में गिरा अपराध का ग्राफ, 22.67 प्रतिशत की कमी
भीलवाड़ा पुलिस के 85 अधिकारी और कर्मचारी श्रेष्ठ कार्य के लिए किए गए सम्मानित.

Published : January 11, 2026 at 6:34 PM IST
भीलवाड़ा: जिले में वर्ष 2024 के मुकाबले वर्ष 2025 में अपराध का ग्राफ गिरा है. जिले में एक साल में अपराध की दर में 22.67 प्रतिशत की कमी आई है. जिले में 18 अपराधियों की संपत्ति कुर्की की कार्रवाई जारी है. यह कहना था पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह यादव का, जो एसपी ऑफिस सभागार में रविवार को उत्कृष्ट कार्य करने वाले 85 पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को सम्मानित करने के बाद मीडिया से बात कर रहे थे.
एसपी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि जिले में वर्ष 2024 में कुल 7390 प्रकरण दर्ज हुए थे. वर्ष 2025 में घटकर 5715 केस दर्ज किए गए. अनुसूचित जाति जनजाति के वर्ष 2024 में 313 जबकि वर्ष 2025 में 260 प्रकरण दर्ज हुए. वर्ष 2024 में 984 और वर्ष 2025 में 792 सड़क हादसों के केस दर्ज हुए. अवैध हथियार मामलों में वर्ष 2024 में 119 प्रकरणों में 133 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया और कुल 117 हथियार जब्त किए. वहीं, वर्ष 2025 में अवैध हथियार के 127 प्रकरणों में 141 व्यक्तियों को गिरफ्तार कर 19 पिस्टल, तीन देसी कट्टे, 42 कारतूस, 10 बंदूक टोपीदार, 55 चाकू, 17 छुरा, 29 तलवार, एक गुप्ती समेत कुल 136 हथियार जब्त किए.
पढ़ें: नशामुक्त राजस्थान और साइबर अपराध पर लगाम के वादे के साथ पुलिस कांफ्रेंस का समापन
एसपी ने बताया कि अवैध शराब के वर्ष 2024 में 639 केस दर्ज कर 667 जनों को गिरफ्तार किया. 21,020 लीटर अवैध शराब जब्त की जबकि वर्ष 2025 में अवैध शराब के 653 प्रकरणों में 621 व्यक्तियों को गिरफ्तार कर 10105 लीटर अंग्रेजी शराब, 2972 लीटर देशी शराब, 1204 लीटर हथकड़, 1219 लीटर बीयर समेत कुल एक करोड़ 13 लाख 17 हजार 265 रुपए की अवैध शराब जब्त की. 9745 लीटर वाश नष्ट की. इसमें दस बड़े वाहन, एक मोटरसाइकिल जब्त की.
सिंह ने बताया कि अवैध मादक पदार्थ जब्ती में वर्ष 2024 में 132 केस में 165 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया व लगभग 25 करोड़ 30 लाख रुपए का मादक पदार्थ पकड़ा. वहीं वर्ष 2025 में 167 प्रकरणों में 223 व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लगभग 19 किलो अफीम, 11965 किलो अफीम डोडा चूरा, 2209 किलो गांजा, 149 ग्राम एमडी पाउडर, 195 ग्राम स्मैक, 10 ग्राम चरस जब्त की. इनकी कीमत 37 करोड़ 88 लाख 9 हजार 534 रुपए आंकी गई. इनको ले जाते पकड़े गए वाहनों की कीमत 6 करोड़ 57 लाख 5 हजार रुपए है.
पढ़ें: मंत्री बेढम बोले-बदल गए अपराध के तरीके, पुलिस को बदलने चाहिए तफ्तीश के तरीके
एसपी ने कहा कि नव वर्ष के पहले पखवाड़े में रविवार को पूरे जिले के अपराधों की समीक्षा की गई. गत वर्षों से वर्ष 2025 में हत्या, लूट, चोरी, नकबजनी जैसे अपराधों में कमी आई. पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट में अच्छी कार्रवाई की. अवैध खनन पर लगाम की कोशिश की.ड्रग्स तस्कर की संपत्ति चिन्हित कर पांच ड्रग्स तस्कर एवं 13 अपराधियों की 107 बीएनएस में सम्पत्ति कुर्की की कार्रवाई जारी है.

