लक्सर में युवक ने घर ले जाकर किया दुष्कर्म, आहत होकर किशोरी ने उठाया खौफनाक कदम
लक्सर में किशोरी के साथ दुष्कर्म के मामले में युवक पर मुकदमा दर्ज, पथरी क्षेत्र में नाबालिग किशोरी का अपहरण

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : February 26, 2026 at 10:48 PM IST
लक्सर: हरिद्वार जिले के लक्सर क्षेत्र में एक युवक ने अपने ही गांव की किशोरी के साथ दुष्कर्म कर लिया. इस घटना से आहत होकर किशोरी ने जहरीला पदार्थ गटक लिया. जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई. पूछताछ करने पर किशोरी ने परिजनों को युवक की करतूत के बारे में जानकारी दी. जिस पर पुलिस ने युवक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया है.
दरसअल, लक्सर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनकी 13 साल की बेटी स्कूल में पढ़ती है, जो कक्षा आठ की छात्रा है. गांव का ही रहने वाला एक युवक पिछले काफी समय से स्कूल आने जाने के दौरान उसके साथ छेड़छाड़ कर उसे परेशान करता चला आ रहा है.
डर के कारण किशोरी ने परिजनों को इस बाबत कुछ नहीं बताया. आरोप है कि बीती 24 फरवरी को युवक ने किशोरी को अपने घर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया. ऐसे में घटना से क्षुब्ध होकर किशोरी ने घर पहुंच कर जहरीला पदार्थ का सेवन कर लिया. जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई.
इसके बाद किशोरी को डॉक्टर के पास ले जाया गया. पूछताछ करने पर किशोरी ने उन्हें घटना की जानकारी दी. जिस पर वो सुल्तानपुर पुलिस चौकी पहुंचे, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की. इसके बाद वो कोतवाली पहुंचे, जहां उनका मुकदमा दर्ज हुआ.
"महिला की तहरीर पर आरोपित युवक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. मामले की बारीकी से जांच की जा रही है."- प्रवीण कोश्यारी, लक्सर कोतवाली प्रभारी
पथरी क्षेत्र में नाबालिग किशोरी का अपहरण, नकदी व जेवर भी ले गया आरोपी: हरिद्वार के पथरी थाना क्षेत्र से नाबालिग किशोरी के अपहरण का मामला सामने आया है. पीड़िता के पिता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने एक युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. पिता ने तहरीर में बताया है कि उनकी 15 साल की बेटी रात करीब एक बजे अचानक घर से लापता हो गई.
इस बीच तलाश करने पर जानकारी मिली कि गांव का ही एक युवक किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है. आरोप है कि युवक किशोरी को उकसाकर घर में रखी लगभग 20 हजार की नकदी और चांदी के जेवर भी अपने साथ मंगवा ले गया.
घटना की सूचना मिलते ही फेरुपुर पुलिस चौकी को अवगत कराया गया, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी के परिजनों को किशोरी की बरामदगी के लिए निर्देश दिए गए. पीड़ित पिता ने आशंका जताई है कि उनकी बेटी नाबालिग है, ऐसे में उसके साथ किसी भी प्रकार की अनहोनी की आशंका से परिवार चिंतित है.
"एक गांव से नाबालिग किशोरी के अपहरण की तहरीर मिली है. तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और किशोरी की बरामदगी व आरोपी की तलाश के लिए टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है."- मनोज नौटियाल, पथरी थाना प्रभारी
ये भी पढ़ें-

