ETV Bharat / state

हरिद्वार जिले में भांजे को मौत के घाट उतारने वाला मामा गिरफ्तार, जानिए क्यों किया था कत्ल?

हरिद्वार जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र में भांजे का कत्ल करने वाला आरोपी मामा गिरफ्तार, पुलिस ने सनसनीखेज वारदात का 48 घंटे में किया खुलासा

Uncle Killed Nephew in Roorkee
भांजे को मौत के घाट उतारने वाला मामा गिरफ्तार (फोटो सोर्स- Police)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : June 28, 2026 at 5:10 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

रुड़की: हरिद्वार जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र में अपने ही सगे भांजे को मौत के घाट उतारने वाले आरोपी मामा को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल चाकू और खून से सने कपड़े भी बरामद किए हैं. पुलिस अब आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश करने की तैयारी कर रही है.

क्या था मामला? दरअसल, भगवानपुर थाना पुलिस को बीती 26 जून को सूचना थी मिली कि हल्लूमाजरा गांव के चौक के पाश गुफरान चिकन सेंटर के पास एक व्यक्ति पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया है. इस सूचना पर पुलिस बिना देरी किए मौके पर पहुंच गई.

इसके बाद पुलिस ने गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को उपचार के लिए रुड़की सिविल अस्पताल भिजवाया गया. जहां से अस्पताल के डॉक्टरों ने उसकी हालत को गंभीर देखते हुए हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया, लेकिन अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया.

उधर, पुलिस ने घटनास्थल पर मौके को सुरक्षित कर आवश्यक साक्ष्य संकलित किए गए. साथ ही फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाकर वैज्ञानिक ढंग से साक्ष्य इकट्ठा किए गए. इसी के साथ पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया.

Uncle Killed Nephew in Roorkee
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी मामा (फोटो सोर्स- Police)

कौन था मृतक? मृतक की पहचान मुफीद (उम्र 27 वर्ष) निवासी ग्राम रोलाहेड़ी थाना पिरान कलियर के रूप में हुई. वहीं, इस मामले में मृतक के परिजनों की तरफ से पुलिस को तहरीर दी गई. पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में केस दर्ज करते हुए आरोपी की तलाश शुरू कर दी.

उधर, घटना की गंभीरता को देखते हुए हरिद्वार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी भगवानपुर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक भगवानपुर रितेश शाह के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया.

आरोपी मामा की गिरफ्तारी: इसके बाद गठित टीमों की ओर से घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस इनपुट, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र के माध्यम से लगातार मामले की जांच की गई. जिसके बाद पुलिस की मेहनत रंग लाई और घटना के मात्र 48 घंटे के भीतर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया.

गिरफ्तार आरोपी का नाम-

  1. शहनवाज पुत्र मीरू (उम्र 50 वर्ष), निवासी- बड़ीवाला, छपार, जिला मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश

मामा की बेटी संग हुआ था भांजे का निकाह: पुलिस पूछताछ में आरोपी ने शहनवाज ने बताया कि उसकी बेटी का प्रेम विवाह उसके सगे भांजे मुफीद के साथ हुआ था. विवाह के कुछ समय बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ गया और तलाक की स्थिति उत्पन्न हो गई. आरोपी अपनी बेटी का वैवाहिक जीवन टूटने और उसके भविष्य को लेकर बेहद आक्रोशित था.

वो अपनी बेटी का जीवन बर्बाद होने के लिए मृतक मुफीद को जिम्मेदार मानता था. इसी रंजिश के चलते उसने उसे मारने की योजना बनाई, जिसके बाद आरोपी मामा ने भगवानपुर पहुंचकर एक चाकू खरीदा और मौका मिलते ही मुफीद पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी.

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त आला कत्ल चाकू और घटना के समय पहने गए खून से सने कपड़े बरामद कर लिए. वहीं, पुलिस की ओर से बरामदगी के आधार पर मुकदमे में आवश्यक धाराओं की वृद्धि कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है, जिसके बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा.

संबंधित खबर पढ़ें-