ETV Bharat / state

देहरादून ठेके के बाहर फायरिंग मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार, बिजनौर में शुरू हुई थी रंजिश

देहरादून के रायपुर क्षेत्र में शराब की कैंटीन के बाहर हुई फायरिंग में शामिल तीन आरोपी चढ़े हत्थे, मुख्य आरोपी अभी भी गिरफ्त से बाहर

DEHRADUN WINE SHOP FIRING
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी (फोटो सोर्स- ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : July 5, 2026 at 5:00 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

देहरादून: रायपुर क्षेत्र में शराब की कैंटीन के बाहर फायरिंग मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस की मानें तो घटना में घायल एक युवक के साथ आरोपियों और उसके साथियों का पहले बिजनौर में शादी समारोह के दौरान विवाद हुआ था. इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच रंजिश चल रही थी. पुरानी रंजिश के चलते फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया. जिसमें गोली चलने से युवक और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया.

क्या था मामला? गौर हो कि बीती 4 जुलाई को देहरादून के बंजारावाला निवासी दिवाकर खंडूरी ने थाना रायपुर में एक शिकायत दर्ज कराई थी. जिसमें उन्होंने बताया था कि 3 जुलाई की रात करीब 9 बजे वो अपने दोस्त नवीन राणा और रोहन कुमार के साथ रिंग रोड स्थित शराब के ठेके के बाहर खड़े थे. इसी दौरान 3-4 अज्ञात लोग दौड़ते हुए आए और पिस्टल निकाल कर 2 राउंड फायर कर दिए.

ठेके के बाहर फायरिंग मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार (वीडियो सोर्स- ETV Bharat)

फायरिंग में एक गोली उनके साथी नवीन राणा के कंधे और दूसरी गोली पास से गुजर रहे एक अन्य व्यक्ति कामेंद्र शर्मा के पैर पर जा लगी. जिसके मौके पर अफरा-तफरी मच गई. इसके बाद आनन-फानन में घायलों को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां पर दोनों का उपचार किया गया.

वहीं, पीड़ित की तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया. जिसके बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 5 अलग-अलग टीमों का गठन किया गया. गठित टीमों ने घटनास्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाले. साथ ही पीड़ित व्यक्तियों और घटनास्थल पर मौजूद लोगों से पूछताछ की.

पूछताछ के दौरान गोली लगने से घायल व्यक्ति कामेंद्र शर्मा से घटना में बिजनौर निवासी अक्षय प्रधान और उसके साथियों की जानकारी मिली. जिनकी कामेंद्र शर्मा से पहले से रजिंश चल रही थी. जिस पर तत्काल अलग-अलग टीमों को आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दूसरे राज्य और अन्य संभावित ठिकानों के लिए रवाना किया गया.

तीन आरोपी गिरफ्तार: इसी कड़ी में पुलिस टीमों ने घटना में शामिल तीन आरोपी अरुण कुमार, सन्नी कुमार और आदर्श सिंह को थानो रोड, सोढा सरोली क्षेत्र देहरादून से गिरफ्तार कर लिया. जबकि, घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं. आरोपियों से पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली कि घटना में शामिल मुख्य आरोपी अक्षय प्रधान बिजनौर के कीरतपुर में रहता है.

DEHRADUN WINE SHOP FIRING
फायरिंग मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार (फोटो सोर्स- ETV Bharat)

क्यों हुई थी फायरिंग? अक्षय प्रधान का बिजनौर में एक शादी समारोह के दौरान कामेंद्र शर्मा और उसके साथियों से विवाद हो गया था. तब से ही उनके बीच आपस में रंजिश चली आ रही थी. आरोपियों की ओर से लगातार कामेंद्र शर्मा के दोस्त अक्षय, जो गुडगांव में रहता है, उसको लगातार फोन कर गाली-गलौज के साथ धमकी दी जा रही थी.

इस संबंध में अक्षय ने कामेंद्र शर्मा को फोन कर जानकारी दी, जिस पर कामेंद्र शर्मा, जो वर्तमान में दीपनगर (देहरादून) में रह रहा है, वो अपने अन्य दोस्तों के साथ अक्षय प्रधान और उसके साथियों को सबक सिखाने के लिए 6 नंबर पुलिया के पास पहुंचा. जहां पर उसका अक्षय प्रधान, जो अपने साथियों सन्नी और अरूण से मिलने देहरादून आया था, उसके साथ विवाद हो गया.

इसी विवाद के दौरान हुई फायरिंग की घटना में एक गोली कामेंद्र के पैर पर जा लगी. जबकि, एक अन्य गोली पास खडे़ एक अन्य व्यक्ति नवीन राणा के कंधे पर लग गई. गनीमत रही कि फायरिंग में किसी की जान नहीं गई, लेकिन मौके पर हड़कंप मच गया और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए.

"पुरानी रंजिश को लेकर फायरिंग की घटना हुई थी. मामले में तीन आरोपी अरुण कुमार, सन्नी कुमार और आदर्श सिंह को गिरफ्तार किया गया है. जबकि, घटना में शामिल मुख्य आरोपी अक्षय प्रधान और उसके अन्य साथियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार उनके सभी संभावित ठिकानों पर दबिशें दे रही है."- जया बलूनी, एसपी देहात

ये भी पढ़ें-