मंगलौर गोलीकांड में पति-पत्नी समेत जेठ गिरफ्तार, पहले भी लूटपाट केस में जेल जा चुके आरोपी
मंगलौर के मुंडलाना गोलीकांड केस में पुलिस के हत्थे चढ़े पति-पत्नी और जेठ, पुरानी और आपसी रंजिश के चलते की थी फायरिंग

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : January 7, 2026 at 10:36 PM IST
रुड़की: हरिद्वार जिले की मंगलौर कोतवाली पुलिस ने मुंडलाना गोलीकांड का खुलासा कर दिया है. पुलिस ने इस मामले में आमजन में दहशत फैलाने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार किए गए आरोपियों में पति-पत्नी और जेठ शामिल हैं. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं.
कहते हैं कि पाप का घड़ा एक दिन फूटता जरूर है, यह कहावत मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के मुंडलाना गांव में हुई गोलीकांड में शामिल आरोपियों पर पूरी तरह से दर्शाती है. दरअसल, मुंडलाना गांव निवासी सतीश कुमार ने मंगलौर कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि पुरानी और आपसी रंजिश के चलते तीन लोगों ने गाली गलौज कर उनके घर के ऊपर फायरिंग की.
लूटपाट प्रकरण में जेल जा चुके आरोपी: फायरिंग से परिवारजनों के जीवन को गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया. इसके साथ ही आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी. इस घटना से मुंडलाना गांव और आसपास क्षेत्र में भय का माहौल हो गया. तहरीर में बताया गया कि उक्त व्यक्ति पहले भी लूटपाट प्रकरण में जेल जा चुके हैं.
वहीं, घटना की गंभीरता को देखते हुए हरिद्वार एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने मंगलौर पुलिस को इस मामले में तत्काल संज्ञान लेकर आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए. इन्हीं निर्देशों के अनुपालन में मंगलौर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने थाना स्तर पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया.
आरोपियों में पति-पत्नी और जेठ शामिल: इसी कड़ी में पुलिस की टीम ने मुखबिर की सूचना पर मुकदमे से संबंधित दो आरोपियों हर्ष उर्फ बिगड़ा पुत्र बबलू और विशाल पुत्र बबलू निवासी मेघा शकरपुर, पुरकाजी, मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) हाल निवासी राजदीप कॉलोनी सिविल लाइन मुजफ्फरनगर को गिरफ्तार किया.
इसके बाद पुलिस ने महिला पत्नी हर्ष उर्फ बिगड़ा को भी गिरफ्तार किया. पुलिस टीम ने आरोपियों के कब्जे से 1-1 अवैध तमंचा और 1-1 जिंदा कारतूस बरामद किए. इसके साथ पुलिस ने घटना में शामिल एक बुलेट मोटरसाइकिल भी बरामद की. पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए आरोपियों में पति-पत्नी और जेठ शामिल हैं.
"मुंडलाना गोलीकांड में शामिल और आमजन में दहशत फैलाने वाले पति-पत्नी व जेठ को गिरफ्तार किया गया है. आरोपियों के पास से घटना में शामिल अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं. आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है."- अमरजीत सिंह, प्रभारी निरीक्षक, मंगलौर कोतवाली
ये भी पढ़ें-

