अल्मोड़ा में मामूली विवाद पर तैश में आया शख्स, एक ही परिवार के तीन लोगों पर झोंकी फायर, आरोपी गिरफ्तार
अल्मोड़ा के मंगलता गांव में आपसी विवाद में फायरिंग, पति-पत्नी और बेटा घायल, 12 बोर की लाइसेंसी बंदूक के साथ आरोपी गिरफ्तार

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : March 1, 2026 at 3:45 PM IST
अल्मोड़ा: धौलछीना क्षेत्र के मंगलता गांव में आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. जहां एक व्यक्ति ने पड़ोसी परिवार पर बंदूक से फायरिंग कर दी. फायरिंग में एक ही परिवार के तीन लोग पति, पत्नी और उनका बेटा छर्रे लगने से घायल हो गए. घायलों को पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भैंसियाछाना ले जाया गया, जहां से उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है. वहीं, फायरिंग करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है.
फायरिंग में एक ही परिवार के तीन लोग घायल: पुलिस के मुताबिक, अल्मोड़ा जिले के धौलछीना के मंगलता गांव निवासी सुरेश सिंह चम्याल ने धौलछीना थाने में एक तहरीर दी थी. जिसमें उन्होंने बताया था कि गांव के ही राजेंद्र सिंह नेगी उर्फ राजू ने उनके भाई अर्जुन सिंह, बहू दीपा देवी और भतीजे मनजीत सिंह के साथ गाली गलौज की.
बताया जा रहा कि अर्जुन सिंह पड़ोसी के मकान की छत का काम दिखाने के लिए बाहर निकले थे, तभी आरोपी ने विवाद शुरू कर दिया. समझाने की कोशिश के दौरान वो अपने घर से लाइसेंसी बंदूक लाया और फायर कर दिया, जिससे तीनों घायल हो गए. वहीं, मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए अल्मोड़ा एसएसपी चंद्रशेखर घोडके ने नामजद आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए.
12 बोर की लाइसेंसी बंदूक के साथ आरोपी गिरफ्तार: इसके बाद धौलछीना थानाध्यक्ष सुनील सिंह बिष्ट ने आरोपी की तलाश शुरू की.य मामले में पुलिस ने बीएनएस की धारा 109(1)/352 के तहत केस दर्ज कर आरोपी राजेंद्र सिंह नेगी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने उसके कब्जे से डीबीबीएल 12 बोर लाइसेंसी बंदूक, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद कर सील किया है.
तनाव और तैश में आकर झोंकी फायर: पुलिस अधिकारियों की मानें तो आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वो तनाव में था और गुस्से में आकर फायरिंग कर दी. साथ ही उसके शस्त्र लाइसेंस को निरस्त करने की कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है. पुलिस का कहना है कि आरोपी का आपराधिक भी इतिहास रहा है. फिलहाल, इस मामले की जांच जारी है और घायलों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है.
ये भी पढ़ें-

