ETV Bharat / state

हरिद्वार में फिल्मी स्टाइल में पकड़े गए 3 लुटेरे, बुजुर्ग ज्वेलर को लूटा था, छीना झपटी में गंवा बैठे थे एटीएम कार्ड, ऐसे खुला राज

शॉप से लौट रहे बुजुर्ग ज्वेलर से 21 अगस्त को लूट की घटना हुई थी, छीना-झपटी में ज्वेलर ने लुटेरों का बैग छीन लिया था

Haridwar Jeweler Robbed
पुलिस की गिरफ्त में लूट के आरोपी (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : August 27, 2026 at 11:19 AM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

हरिद्वार: रानीपुर कोतवाली पुलिस ने एक बुजुर्ग ज्वेलर के साथ हुई लूट का खुलासा कर दिया है. लूट की वारदात को अंजाम देने वाले तीन बदमाशों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया और लूट का सामान भी बरामद कर लिया. एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने खुद इस पूरे मामले का खुलासा किया. लूट और उसके बाद लुटेरों तक पहुंचने की पुलिस की घटना फिल्मी स्टाइल में हुई है.

बुजुर्ग ज्वेलर को लूटने वाले तीन लुटेरे गिरफ्तार: एसएसपी के अनुसार, बीती 21 अगस्त को प्रदीप कुमार शर्मा पुत्र स्वर्गीय धर्मचंद, निवासी मकान नं. 38, शिवलोक कॉलोनी फेज-3, कोतवाली रानीपुर, जनपद हरिद्वार द्वारा कोतवाली रानीपुर पर तहरीर दी थी. तहरीर में बताया गया था कि रात्रि के समय शिवलोक कॉलोनी के पास तीन अज्ञात बदमाशों द्वारा मोटरसाइकिल से उनका पीछा कर उनके साथ लूट की घटना को अंजाम दिया गया. बदमाश ज्वेलर का बैग छीनकर उसमें रखे लगभग 100 ग्राम चांदी के आभूषण, दुकान की चाबियां, महंगा मोबाइल, बीएचईएल मेडिकल कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस एवं अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज लूटकर फरार हो गए.

ये हैं तीनों लूट के आरोपियों के नाम : घटना की गंभीरता से लेते हुए हुए कोतवाली रानीपुर प्रभारी इंस्पेक्टर मनोहर भंडारी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीमों द्वारा मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्र में सीआईयु हरिद्वार की मदद से डिजिटल साक्ष्य एकत्रित करते हुए संदिग्धों की पड़ताल की गई. इसी क्रम में 25 अगस्त को पुलिस टीम ने भेल मटेरियल गेट के पास संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोककर उसमें सवार तीनों व्यक्तियों को पकड़ लिया गया. पूछताछ में उनके नाम-पते निम्न प्रकार प्रकाश में आए-

  1. ऋतिक उर्फ टोपो पुत्र स्वर्गीय बिनोद चौधरी, निवासी ग्राम खंजरपुर, थाना मोदीनगर, जनपद गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश, उम्र 22 वर्ष।
  2. सौरभ पुत्र राजेंद्र सिंह, निवासी ग्राम टांडा साहूवाला, थाना बढ़ापुर, जनपद बिजनौर, उत्तर प्रदेश, उम्र 19 वर्ष।
  3. राजीव सैनी उर्फ सागर पुत्र अमृत सैनी, निवासी ग्राम चांदपुर, थाना पथरी, जनपद हरिद्वार, उम्र 21 वर्ष।

पूछताछ में हुआ घटना का खुलासा: पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने कांवड़ मेले के दौरान बैरागी कैंप में दुकान लगाई थी. दुकान का सामान लेने कनखल आते थे. सुनार की दुकान के पास हमने देखा कि ज्वेलर्स बूढ़ा व्यक्ति है. उसके संबंध में जानकारी लेनी शुरू कर दी. बीती 11 अगस्त को भी ज्वेलर्स का पीछा किया था, लेकिन उस दिन अपने प्लान में सफल नहीं हो पाए.

Haridwar Jeweler Robbed
लुटेरों की गिरफ्तारी के बाद लूट का खुलासा करते एसएसपी (ETV Bharat)

पूरी प्लानिंग के साथ की गई थी लूट: उसके बाद 21 अगस्त को वह तीनों सुनार का पीछा करते हुए शिवलोक कॉलोनी पहुंचे. वहां मौका पाकर पहले कैंची से वादी के बैग को लटकाने वाला पट्टा काटा गया फिर बैग लूट लिया गया. पीड़ित ज्वेलर द्वारा अपना बचाव करने का प्रयास करने पर आरोपियों ने उसके साथ छीना-झपटी की और कैंची से वार करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई. इसके बाद तीनों बदमाश मौके से फरार होकर लूटा गया सामान राजा गार्डन, जगजीतपुर, हरिद्वार स्थित ऋतिक उर्फ टोपो के कमरे पर ले गए.

लूट की घटना में आया फिल्मी ट्विस्ट: लेकिन लूट पाट के दौरान ज्वेलर ने भी छीना झपटी में एक बदमाश का बैग छीन लिया था. बस फिर क्या था, पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई और एटीएम कार्ड के माध्यम से आरोपियों की पहचान की. मुखबिर तंत्र और सीसीटीवी की मदद से आरोपियों को दबोच लिया गया. पुलिस टीम ने आरोपियों की निशानदेही लूटा गया सामान बरामद किया है. गिरफ्तार बदमाश ऋतिक उर्फ टोपो और राजीव सैनी पर पूर्व में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज होने की पुष्टि हुई है. एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश कर दिया गया, जहां से तीनों को जेल भेज दिया गया है.

एटीएम बदलकर ठगी करने वाले दो आरोपी भी गिरफ्तार: इसके साथ ही हरिद्वार पुलिस ने धोखे से ATM कार्ड बदलकर पैसे निकालने वाले 02 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से ₹8,500/- नकद व 08 ATM कार्ड बरामद हुए हैं. पुलिस के अनुसार इनमें से पूर्व में एक आरोपी NDPS के मामले में व एक आरोपी चोरी के मामले में जेल जा चुके हैं. दोनों आरोपियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

ये भी पढ़ें: हरिद्वार पुलिस के हाथ आया यूपी का गैंगस्टर, लूट के मामले में किया गिरफ्तार, साथी की तलाश