हल्द्वानी के दो युवकों की लाश दिल्ली में रेलवे ट्रैक पर मिली, कोर्ट की पेशी में गए थे दोनों
दिल्ली के आनंद विहार रेलवे ट्रैक के पास हल्द्वानी के दो युवकों की डेड बॉडी मिलने से मचा हड़कंप, देहरादून में किराएदार पति-पत्नी गिरफ्तार

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : January 9, 2026 at 10:51 PM IST
हल्द्वानी: पत्नी से चल रहे विवाद के सिलसिले में दिल्ली में अदालत की पेशी पर गए हल्द्वानी निवासी युवक और उसके दोस्त की संदिग्ध हालात में मौत हो गई. दोनों के शव दिल्ली के आनंद विहार रेलवे ट्रैक के पास अलग-अलग स्थानों पर बरामद किए गए. एक का शव हल्द्वानी पहुंचा. जहां देर शाम परिजनों ने शव का दाह संस्कार कर दिया.
हल्द्वानी के दो युवकों का शव दिल्ली में मिला: हल्द्वानी के वेलेजली लॉज निवासी दो युवकों का शव दिल्ली के आनंद विहार के रेलवे ट्रैक पर मिला था. जिसके बाद एक युवक का शव हल्द्वानी पहुंचा. देर शाम परिजनों ने शव का दाह संस्कार कर दिया है. दो युवकों की मौत के बाद क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है. बताया जा रहा है रवि गुप्ता (मृतक) का दिल्ली निवासी पत्नी के साथ विवाद चल रहा था.
बीती 4 जनवरी को रवि गुप्ता अपने दोस्त गोलू शर्मा निवासी बरेली हाल निवासी हल्द्वानी वेलेजली लॉज के साथ दिल्ली के लिए रवाना हुआ था. 5 जनवरी को वो कोर्ट में भी पेश हुआ था. शाम को उसका शव आनंद विहार रेलवे ट्रैक पर मिला. अगले दिन उसके दोस्त गोलू का भी शव उसके आसपास पड़ा हुआ मिला. दिल्ली पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था.
मृतकों के जेब से मिले कुछ डॉक्यूमेंट के आधार पर दिल्ली पुलिस ने हल्द्वानी कोतवाली की भोटिया पड़ाव चौकी पुलिस ने संपर्क किया. जिसके बाद पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को दी. शव की पहचान के बाद पोस्टमार्टम के बाद दिल्ली पुलिस ने शव परिजनों को सुपुर्द किया. शुक्रवार को रवि गुप्ता का शव हल्द्वानी लाया गया. जबकि, गोलू शर्मा का शव लेने परिजन दिल्ली गए हुए हैं.
"दिल्ली पुलिस ने हल्द्वानी के भोटिया पड़ाव चौकी पुलिस को हल्द्वानी के वेलेजली निवासी दो युवकों की मौत की सूचना दी थी. सूचना परिजनों को दे दी थी. घटना दिल्ली की है. मामले की जांच दिल्ली पुलिस कर रही है."- अमित कुमार, सीओ
देहरादून में मकान मालिक के घर पर चोरी करने वाला किराएदार गिरफ्तार: देहरादून में मकान मालिक के घर में आभूषण चोरी करने वाले किराएदार दंपति आरोपियों को धूलकोट तिराहा से गिरफ्तार किया गया है. आरोपियों के कब्जे से 8 लाख रुपए के चोरी के आभूषण बरामद हुए हैं. आरोपियों ने मकान किराए पर लेने के 5 दिन के बाद ही चोरी की घटना को अंजाम दिया था. दून पुलिस के आम जनता से अपील की है कि मकान किराए पर देने से पहले पूरी जानकारी कर लें और आवश्यक दस्तावेज लेकर सत्यापन कराएं.

प्रेमनगर थाना प्रभारी कुंदन राम ने बताया कि दंपत्ति की गिरफ्तारी के लिए प्रेमनगर थाने से पुलिस टीम का गठन किया गया था. जानकारी जुटाने पर पता चला कि किराएदार दंपत्ति रुद्रप्रयाग जिले के रहने वाले हैं. जो घटना के बाद से ही अपनी गिरफ्तारी के डर से इधर-उधर छिपते फिर रहे हैं. आखिरकार पुलिस की टीम ने आरोपी दंपत्ति नीरज लाल और उसकी पत्नी को धूलकोट तिराहा से गिरफ्तार कर लिया गया.
ये भी पढ़ें-

