ETV Bharat / state

रामनगर में तड़ीपार बदमाश लूटी गई स्कॉर्पियो के साथ गिरफ्तार, गुंडा एक्ट के तहत एक और मुकदमा दर्ज

पीरूमदारा निवासी शफीक हैदर ने स्कॉर्पियो कार, नकदी, चांदी की चेन लूट और मारपीट के मामले में एक तहरीर दी थी

CRIMINAL ARRESTED WITH STOLEN CAR
पुलिस की गिरफ्तार में तड़ीपार बदमाश (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : June 27, 2026 at 9:11 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

रामनगर: नैनीताल जिले की रामनगर पुलिस ने लूट के एक चर्चित मामले का खुलासा करते हुए जिला बदर घोषित आरोपी को लूटी गई स्कॉर्पियो के साथ गिरफ्तार किया है. आरोपी पर पहले से जिला बदर की कार्रवाई लागू थी, लेकिन इसके बावजूद वह बिना अनुमति नैनीताल जिले की सीमा में घूमता मिला. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गुंडा अधिनियम के तहत भी नया मुकदमा दर्ज किया है.

रामनगर में कार के साथ नकदी और ज्वेलरी की लूट हुई थी: कोतवाली रामनगर में 9 जून को पीरूमदारा निवासी शफीक हैदर और अन्य 4 द्वारा उनकी स्कॉर्पियो कार, नकदी, चांदी की चेन लूट और मारपीट के साथ जान से मारने की धमकी के मामले में एक तहरीर दी गई थी. चारों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की.

जिला बदर आरोपी लूटी गई स्कॉर्पियो के साथ गिरफ्तार: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन, एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और क्षेत्राधिकारी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने लगातार जांच और चेकिंग अभियान चलाया. इसी दौरान 25 जून को हाथीडगर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान आरोपी योगेश सागर उर्फ मंकू निवासी ग्राम लूटाबड़, रामनगर को लूटी गई स्कॉर्पियो के साथ गिरफ्तार कर लिया गया.

योगेश सागर तड़ीपार अपराधी है: जांच में सामने आया कि आरोपी को मार्च 2026 में जिला मजिस्ट्रेट नैनीताल के आदेश पर छह माह के लिए जिला बदर किया गया था. इसके बावजूद वह बिना किसी सक्षम अधिकारी की अनुमति के नैनीताल जिले की सीमा में मौजूद मिला. इस पर पुलिस ने उसके खिलाफ गुंडा अधिनियम के तहत एक और मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है.

इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक बीरेन्द्र बिष्ट, कांस्टेबल प्रयाग कुमार और कांस्टेबल कविन्द्र सिंह शामिल रहे. रामनगर पुलिस की इस कार्रवाई को कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है.
ये भी पढ़ें: हरिद्वार में जानलेवा हमला करने वाले इनामी गिरफ्तार, फाइनेंस कर्मी बनकर हाईवे पर लूट मचाने वाले भी धरे