ETV Bharat / state

मंगलौर में अधेड़ तो रुद्रपुर में युवक का मिला शव, एक मामले में जताई जा रही हत्या की आशंका

मंगलौर में गंगनहर किनारे स्थित बाग में पड़ा मिला अधेड़ का शव, रुद्रपुर में भी युवक का शव बरामद

Rudrapur Youth Dead Body Found
शव लेकर आई एंबुलेंस (फोटो सोर्स- ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : February 17, 2026 at 9:47 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

रुड़की/रुद्रपुर: हरिद्वार जिले की मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में गंगनहर किनारे स्थित एक बाग में एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ मिला. शव मिलने की सूचना इलाके में जैसे ही फैली, वैसे ही मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. साथ ही शव को कब्जे में लिया. उधर, रुद्रपुर में भी गल्ला मंडी में एक युवक शव मिला है.

गंगनहर किनारे स्थित एक बाग में मिला शव: बता दें कि 17 फरवरी मंगलवार की शाम मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में गंगनहर किनारे स्थित एक बाग में अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने हड़कंप मच गया. बताया जा रहा है कि शव से कुछ ही दूरी पर एक बाइक भी पड़ी हुई थी.

शव मिलने की सूचना मिलते ही तत्काल मंगलौर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया गया. साथ ही घटनास्थल से बरामद बाइक से अंदेशा लगाया जा रहा है कि वो उसी की हो सकती है.

Manglaur Pradeep Murder
घटनास्थल पर पुलिस (फोटो सोर्स- ETV Bharat)

इसके बाद पुलिस ने मृतक की शिनाख्त करने और उसके परिजनों तक पहुंचने का प्रयास किया. इसके साथ आसपास के गांवों में भी मृतक की तस्वीर दिखाकर पहचान के प्रयास किए. जिसके बाद मृतक की पहचान प्रदीप पुत्र हरपाल (उम्र 45 वर्ष) के रूप में हुई.

बहरहाल शव की स्थिति और घटनास्थल के हालातों को देखते हुए पुलिस इसे हत्या से जोड़कर देख रही है. पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए रुड़की के सरकारी अस्पताल भिजवा दिया है. फिलहाल, पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा.

"शव की शिनाख्त घोसीपुरा निवासी प्रदीप के रूप में हुई है. मृतक के परिजनों को मौके पर बुलाकर शिनाख्त कराई गई है. जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा."- अमरजीत सिंह, प्रभारी निरीक्षक, मंगलौर कोतवाली

रुद्रपुर में युवक का शव मिलने से मचा हड़कंप: रुद्रपुर शहर की गल्ला मंडी में उस समय हड़कंप मच गया, जब चहल-पहल के बीच एक युवक का शव संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. प्रथम दृष्टया मामला बीमारी से मौत का माना जा रहा है. हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

Manglaur Pradeep Murder
बाग में शव मिलने से मचा हड़कंप (फोटो सोर्स- ETV Bharat)

रुद्रपुर शहर की व्यस्त गल्ला मंडी में रोजाना की तरह व्यापारिक गतिविधियां चल रही थी. बड़ी संख्या में व्यापारी और ग्राहक मौजूद थे. तभी अचानक शव दिखने से लोगों की भीड़ जमा हो गई और हड़कंप की स्थिति बन गई. घटना की सूचना आनन-फानन में पुलिस को दी गई.

सूचना मिलते ही बाजार चौकी इंचार्ज सुरेंद्र बिष्ट अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया. पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर मृतक की पहचान करने का प्रयास किया.

सोनू के रूप में हुई पहचान: मौके पर मौजूद लोगों ने युवक की पहचान रम्पुरा वार्ड नंबर 8 निवासी 30 वर्षीय सोनू के रूप में की. पहचान की पुष्टि के लिए उसके भाई विशाल को बुलाया गया. विशाल के मौके पर पहुंचने के बाद शव की शिनाख्त औपचारिक रूप से की गई.

Rudrapur Youth Dead Body Found
परिजनों से जानकारी जुटाई पुलिस (फोटो सोर्स- ETV Bharat)

लंबे समय से चल रहा था बीमार: विशाल ने पुलिस को बताया कि सोनू लंबे समय से बीमार चल रहा था और उसका इलाज भी चल रहा था. इसके अलावा मोहल्ले के लोगों ने भी सहयोग करते हुए उसे एसटीएच अस्पताल में भर्ती कराया था. बताया जा रहा है कि वहां से वो पैदल ही रुद्रपुर लौट आया था.

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सुबह सोनू को गल्ला मंडी की एक दुकान पर चाय पीते हुए देखा गया था. दोपहर तक सब कुछ सामान्य था, लेकिन बाद में उसका शव मंडी परिसर में पड़ा मिला. सूचना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

"प्रथम दृष्टया मामला बीमारी के कारण मौत का प्रतीत हो रहा है. हालांकि, वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी. फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है."- प्रशांत कुमार, सीओ

ये भी पढ़ें-