देहरादून में फर्जी दस्तावेज बनाकर रह रही बांग्लादेशी महिला गिरफ्तार, दुबई में काम कर रहा पति
कोरोनाकाल में बॉर्डर फांद कर भारत में घुसी, पश्चिम बंगाल में किया निकाह, देहरादून में बनवाए फर्जी दस्तावेज, अब गिरफ्तार हुई बाग्लादेशी महिला

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : January 8, 2026 at 10:14 PM IST
देहरादून: उत्तराखंड में 'ऑपरेशन कालनेमि' के पुलिस की कार्रवाई जारी है. इसी कड़ी में पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने एक बांग्लादेशी महिला को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार महिला फर्जी भारतीय दस्तावेज बनाकर अवैध रूप से भारत में रह रही थी. वो कोरोनाकाल में अवैध रूप से बॉर्डर क्रॉस कर भारत आई थी.
भारत में अवैध रूप से रहने के लिए महिला ने पश्चिम बंगाल में एक व्यक्ति से निकाह किया था. फिर दो साल पहले अपने पति के साथ देहरादून आई थी. वर्तमान में वो देहरादून में अकेले रह रही थी. जबकि, उसका पति दुबई में काम कर रहा है.
देहरादून के लोक संस्कृति कॉलोनी में रह रही थी बांग्लादेशी महिला: दरअसल, पटेलनगर कोतवाली पुलिस को लोक संस्कृति कॉलोनी में एक बांग्लादेशी महिला के अवैध रूप से रहने की सूचना मिली. सूचना के आधार पर पुलिस लोक संस्कृति कॉलोनी पहुंची. जहां से महिला सुबेदा बीबी पत्नी कौशर शाह को हिरासत में लिया और पूछताछ की.
कई फर्जी भारतीय दस्तावेज बनवाए: पूछताछ में महिला ने अपना असली नाम सुबेदा बेगम निवासी बांग्लादेश बताया. जिसके कब्जे से पुलिस को सुबेदा बीबी और मोनी के नाम का फर्जी जन्म प्रमाण पत्र, सुबेदा बीबी, मोनी और प्रिया रॉय के नाम के वोटर आईडी कार्ड, सुबेदा बीवी के नाम से आधार कार्ड, पैन कार्ड और अन्य फर्जी भारतीय दस्तावेज मिले.
बांग्लादेशी आईडी भी बरामद: इसके अलावा सुबेदा बेगम के नाम से एक बांग्लादेशी आईडी भी मिली. महिला अलग-अलग नाम से फर्जी दस्तावेज बनाकर अवैध व अनाधिकृत रूप से भारत में निवास कर रही थी. जिस पर पटेलनगर कोतवाली ने गिरफ्तार कर लिया.
पटेलनगर कोतवाली प्रभारी चंद्रभान अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार महिला कोरोनाकाल के दौरान अवैध रूप से बॉर्डर क्रॉस कर भारत आई थी. जहां 2 साल तक पश्चिम बंगाल में रही. इसके बाद वो 2 साल पहले अपने पति के साथ देहरादून आई.
पश्चिम बंगाल में रहने के दौरान साल 2022 में उसने पश्चिम बंगाल निवासी एक व्यक्ति कौशर शाह से विवाह कर लिया. देहरादून आने के बाद उसने अपने पति की मदद से रुड़की और देहरादून से अलग-अलग नाम से फर्जी भारतीय जन्म प्रमाण पत्र और उसके आधार पर अन्य फर्जी भारतीय दस्तावेज बनवा लिए.
देहरादून में वो अलग-अलग स्थान पर किराए में रहकर घरों में झाड़ू पोछा लगाने का काम करती थी. उसका पति कौशर शाह वर्तमान में दुबई में काम कर रहा है. फर्जी दस्तावेज बनाने में आरोपी महिला की सहायता करने वाले व्यक्तियों के संबंध में पुलिस की ओर से जानकारी जुटाई जा रही है, उनके खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें-
- उत्तराखंड में दो बांग्लादेशी महिलाएं गिरफ्तार, फर्जी डॉक्यूमेंट्स से भूमि शर्मा बनी बबली खातून
- देहरादून की महिला ने पति छोड़ बांग्लादेशी ममून से किया निकाह, फर्जी कागजात बनवाए, दोनों गिरफ्तार
- बांग्लादेश की मरियम बनी स्वाति उपाध्याय, सना बनी शिवली, शादी करके देहरादून में बसा लिया घर
- उधम सिंह नगर में पुलिस के हत्थे चढ़ी बांग्लादेशी महिला, फर्जी निकले दस्तावेज, जल्द होगी डिपोर्ट
- उत्तराखंड में दो बांग्लादेशी महिलाएं गिरफ्तार, अब डिपोर्ट कर भेजा जाएगा वापस

