झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करना पड़ा भारी, दो सगे भाइयों पर एक्शन, रुद्रपुर में किशोर लापता
रुद्रपुर से 16 वर्षीय किशोर लापता, परिवार में मचा हड़कंप, झूठी सूचना देने और हंगामा करने के मामले में दो सगे भाइयों पर कार्रवाई

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : May 25, 2026 at 10:32 PM IST
रुद्रपुर: ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र में डायल 112 पर झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने और सड़क पर हंगामा करने पर पुलिस ने दो सगे भाइयों को हिरासत में लिया है. पुलिस ने दोनों के खिलाफ बीएनएसएस की विभिन्न धाराओं में कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया है. वहीं, रुद्रपुर क्षेत्र से लापता एक किशोर का अभी तक कुछ पता नहीं चल पाया है. जिस पर परिजन काफी परेशान हैं.
दरअसल, 24 और 25 मई की मध्य रात्रि को थाना ट्रांजिट कैंप में झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने और सार्वजनिक रूप से हंगामा करने वाले दो सगे भाइयों के खिलाफ कार्रवाई की गई है. पुलिस की मानें तो डायल 112 पर रात करीब 11 बजकर 20 मिनट पर एक सूचना मिली. जिसमें बताया गया कि शास्त्री नगर वार्ड संख्या 12 निवासी एक व्यक्ति का भाई बंदूक लेकर खड़ा है और जान से मारने की धमकी दे रहा है.
सूचना को गंभीर मानते हुए डायल 112 पुलिस टीम और अपर उपनिरीक्षक संतोष रोडियाल तत्काल मौके के लिए रवाना हुए. पुलिस टीम जब घटनास्थल पर पहुंची, तो जांच के दौरान बंदूक संबंधी सूचना पूरी तरह झूठी और भ्रामक निकली. मौके पर मौजूद दोनों सगे भाई रंजीत गंगवार और रिंकू आपसी भूमि विवाद को लेकर सड़क पर जोर-जोर से चिल्लाकर हंगामा कर रहे थे.
दोनों के बीच तीखी बहस के साथ हाथापाई की स्थिति बनी हुई थी, जिससे क्षेत्र का माहौल तनावपूर्ण हो गया था. आस पास के लोग भी सड़क पर एकत्र हो गए थे और स्थिति बिगड़ने की आशंका बढ़ गई थी. पुलिस ने दोनों भाइयों को कई बार समझाने और शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन वे किसी भी प्रकार शांत होने को तैयार नहीं हुए.
पुलिस की मानें तो दोनों लगातार विवाद और हंगामा करते रहे. जिससे आमदा फौजदारी की स्थिति उत्पन्न हो गई थी. स्थिति की गंभीरता और किसी अप्रिय घटना की संभावना को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों को बीएनएसएस की धारा 170 के तहत हिरासत में ले लिया. इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की. गिरफ्तार दोनों व्यक्तियों को बाद में कोर्ट में पेश किया गया.
"डायल 112 सेवा आम जनता की सुरक्षा और आपातकालीन सहायता के लिए संचालित की जाती है. झूठी सूचना देकर पुलिस संसाधनों का दुरुपयोग करना कानूनन अपराध है. लोगों से अपील है कि डायल 112 पर केवल सही और वास्तविक सूचना ही दें. यदि कोई व्यक्ति जानबूझकर झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करता है तो उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी."- महेश कांडपाल, उपनिरीक्षक, कोतवाली ट्रांजिट कैंप
"पुलिस ने आमजन से ये भी अपील की है कि किसी भी प्रकार के पारिवारिक या भूमि विवाद में कानून को अपने हाथ में लेने के बजाय वैधानिक प्रक्रिया अपनाएं और शांति एवं सौहार्द बनाए रखें. पुलिस ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी."- महेश कांडपाल, उपनिरीक्षक, कोतवाली ट्रांजिट कैंप
रुद्रपुर से 16 वर्षीय किशोर लापता: रुद्रपुर के रम्पुरा क्षेत्र से एक 16 वर्षीय किशोर के लापता होने का मामला सामने आया है. किशोर घर से बिना बताए कहीं चला गया, जिसके बाद परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका. परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है.
जानकारी के मुताबिक, गणेश पुत्र तुफानी प्रसाद निवासी खेड़ा वार्ड नंबर 19, रुद्रपुर ने पुलिस को एक तहरीर दी है. जिसमें उन्होंने बताया कि उसका छोटा भाई अनुज प्रसाद 23 मई की सुबह घर से बिना बताए कहीं चला गया. काफी देर तक वापस न लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने उसकी तलाश शुरू की.
परिजनों ने आसपास के लोगों, रिश्तेदारों और परिचितों से भी पूछताछ की, लेकिन अनुज का कोई पता नहीं चल सका. परिवार के मुताबिक किशोर के पास मोबाइल फोन भी नहीं है, जिससे उससे संपर्क करना संभव नहीं हो पा रहा है. लगातार तलाश के बावजूद कोई जानकारी न मिलने पर परिजनों ने पुलिस की शरण ली,
गणेश ने पुलिस को बताया कि उन्हें डर है कि उसके भाई के साथ कोई अनहोनी घटना न घट जाए. इसी आशंका के चलते उन्होंने पुलिस से जल्द से जल्द भाई की तलाश करने की गुहार लगाई है, पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार लापता किशोर अनुज प्रसाद की उम्र लगभग 16 वर्ष है. उसका रंग सावला है और लंबाई करीब 4 फीट 4 इंच बताई गई है.
घटना के समय उसने नीले रंग की पैंट पहन रखी थी और पैरों में चप्पल थी. परिजनों का कहना है कि अनुज बिना बताए कभी घर से बाहर नहीं जाता था, इसलिए उसके अचानक गायब होने से पूरा परिवार बेहद परेशान है. परिवार के लोग लगातार अपने स्तर पर भी उसकी तलाश में जुटे हुए हैं.
"परिजनों की तहरीर के आधार पर गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है. पुलिस आस पास के क्षेत्रों में तलाश कर रही है और संभावित स्थानों पर जानकारी जुटाई जा रही है. यदि किसी को किशोर के बारे में कोई जानकारी मिलती है, तो तत्काल पुलिस को सूचित करें."- पंकज सिंह, रम्पुरा चौकी प्रभारी
ये भी पढ़ें-

