ETV Bharat / state

Churu Crime : 26 बड़े अपराधी चूरू पुलिस के रडार पर, करोड़ों की अवैध संपत्ति पर कार्रवाई की तैयारी

सालासर में हिस्ट्रीशीटर की कार पहले ही की जा चुकी है नीलाम. राजगढ़ में गैंगस्टर के भवन पर पहले चल चुका है बुलडोजर.

Action Against Crime
अपराधियों की अवैध संपत्ति पर कार्रवाई... (ETV Bharat Churu)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : August 25, 2026 at 9:51 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

चूरू: जिले में अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए चूरू पुलिस ने अब उनकी आर्थिक कमर तोड़ने की रणनीति अपनाई है. पुलिस अपराधियों को जेल भेजने के साथ-साथ अपराध की कमाई से अर्जित की गई अवैध संपत्तियों और आर्थिक संसाधनों पर भी कार्रवाई कर रही है. जिले के 26 बड़े अपराधियों की करीब 3.61 करोड़ रुपए की अवैध संपत्तियां पुलिस के रडार पर हैं. इन संपत्तियों को कोर्ट के जरिए कुर्क और जब्त करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है.

एसपी निश्चय प्रसाद एम के अनुसार इस अभियान के तहत अब तक 26 इस्तगासे कोर्ट में पेश किए जा चुके हैं. इनमें से 19 मामले वर्तमान में कोर्ट में विचाराधीन हैं, जबकि पांच मामलों में कोर्ट की ओर से कार्रवाई ड्रॉप की जा चुकी है.

सरदारशहर और राजगढ़ के चार-चार बदमाश रडार पर : पुलिस के अनुसार 26 मामलों में सरदारशहर और राजगढ़ थाने के चार-चार, बीदासर के तीन, रतनगढ़, रतननगर और तारानगर के दो-दो तथा चूरू कोतवाली, चूरू सदर, सुजानगढ़, साहवा, सालासर, भानीपुरा, दूधवाखारा, हमीरवास और भालेरी थाने के एक-एक अपराधी की संपत्तियों को लेकर कार्रवाई की जा रही है. पुलिस का उद्देश्य अपराधियों की अवैध संपत्ति को कुर्क कर उनके आर्थिक नेटवर्क को कमजोर करना है, ताकि अपराध से अर्जित धन के जरिए आपराधिक गतिविधियों को बढ़ावा देने पर रोक लगाई जा सके.

पढ़ें : Action on History Sheeters : अजमेर-झालावाड़ में जमकर गरजा बुलडोजर, हुई ये बड़ी कार्रवाई

सालासर में हिस्ट्रीशीटर की कार हुई नीलाम : इस अभियान में सालासर पुलिस की कार्रवाई को महत्वपूर्ण सफलता के तौर पर देखा जा रहा है. पुलिस ने सालासर थाने के हिस्ट्रीशीटर भागीरथ उर्फ फिडिया उर्फ भागेश उर्फ पिंटू प्रजापत, निवासी वार्ड नंबर 9, सालासर को चिह्नित किया था. पुलिस ने नए कानून के तहत सुजानगढ़ एसीजेएम कोर्ट में इस्तगासा पेश किया. कोर्ट से नीलामी के आदेश मिलने के बाद सुजानगढ़ तहसीलदार की ओर से नीलामी प्रक्रिया पूरी करवाई गई. हिस्ट्रीशीटर की कार को नीलाम कर 1.85 लाख रुपए की राशि वसूल की गई, जिसे राजकोष में जमा करवाया गया.

राजगढ़ और हमीरवास में अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर : पुलिस की कार्रवाई सिर्फ संपत्ति जब्ती और नीलामी तक सीमित नहीं है. जिले में दो बदमाशों के अवैध निर्माण भी ध्वस्त किए जा चुके हैं. राजगढ़ में एक गैंगस्टर के भवन को पुलिस-प्रशासन की कार्रवाई में जमींदोज किया गया. वहीं, हमीरवास थाना क्षेत्र में भी एक बदमाश द्वारा किए गए अवैध निर्माण को तोड़ा जा चुका है. इसके अलावा पेपर लीक मामले के मुख्य आरोपी यूनिक भांबू की चूरू जिला मुख्यालय स्थित अवैध संपत्ति पर भी पुलिस-प्रशासन की ओर से बुलडोजर कार्रवाई की जा चुकी है.

बीएनएसएस की धारा 107 के तहत कार्रवाई : एसपी निश्चय प्रसाद एम ने बताया कि देश में जुलाई 2024 से लागू भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 107 इस तरह की कार्रवाई का प्रमुख कानूनी आधार है. इसका उद्देश्य अपराधियों को केवल जेल भेजना ही नहीं, बल्कि अपराध के जरिए जुटाई गई अवैध संपत्ति और आर्थिक संसाधनों पर कार्रवाई कर उनके आपराधिक नेटवर्क को कमजोर करना भी है. एसपी ने कहा कि जिले में अपराधियों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और अपराध से अर्जित अवैध संपत्तियों को चिन्हित कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.