ETV Bharat / state

राजस्थान में ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती, 27 दिनों में 2.12 लाख वाहनों पर कार्रवाई

अभियान के अंतिम दिन 30 जून को पूरे प्रदेश में कुल 11388 यातायात नियम उल्लंघनों पर कार्रवाई की गई.

Police taking action against traffic rule violators.
यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करती पुलिस (Source - Rajasthan Police)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : July 1, 2026 at 7:01 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

जयपुर: प्रदेश में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने, वीआईपी कल्चर पर पूरी तरह रोक लगाने और सड़कों को सुरक्षित बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया. राजस्थान में ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. 27 दिनों में 2.12 लाख वाहनों पर कार्रवाई की गई है. विशेषकर काली फिल्म और नियम विरुद्ध नंबर प्लेट पर पुलिस ने सख्ती की है.

डीजीपी राजीव कुमार शर्मा के मुताबिक डीजी ट्रैफिक अनिल पालीवाल के पर्यवेक्षण में प्रदेशभर में 4 से 30 जून तक विशेष यातायात प्रवर्तन अभियान चलाया गया. अभियान का उद्देश्य यातायात नियमों की प्रभावी पालना सुनिश्चित करना, संशोधित वाहनों, अवैध हूटर, फ्लैशर, काली फिल्म तथा नियम विरुद्ध नंबर प्लेट जैसे उल्लंघनों पर कठोर कार्रवाई कर सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाना था. एडीजी ट्रैफिक डॉ बीएल मीणा ने बताया कि पूरे अभियान के दौरान राजस्थान पुलिस ने 212313 यातायात नियम उल्लंघनों पर कार्रवाई कर सड़क अनुशासन लागू करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की.

पढ़ें: ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर पुलिस का एक्शन, 21 दिन में 1.65 लाख से अधिक वाहनों के काटे चालान

उन्होंने बताया कि इस अवधि में 24107 वाहनों में अवैध संरचनात्मक परिवर्तन (बॉडी/चेसिस) पाए गए. 17755 वाहनों पर अनाधिकृत लाल-नीली बत्ती, फ्लैशर, स्ट्रोब लाइट और हूटर हटाए गए. 11343 प्रेशर हॉर्न/एयर हॉर्न के विरुद्ध कार्रवाई की गई. इसी प्रकार 76563 वाहनों से काली फिल्म हटाई गई. 29902 वाहनों पर नियम विरुद्ध लिखे गए अनाधिकृत शब्द और चिन्ह हटवाए गए और 52643 वाहनों पर नियमों के विपरीत नंबर प्लेट एवं पंजीयन चिन्ह पाए जाने पर कार्रवाई की गई.

पढ़ें: राजस्थान में ट्रैफिक पुलिस की 'स्ट्राइक', पहले दिन 4869 व्हीकल्स पर एक्शन

अभियान के अंतिम दिन 30 जून को पूरे प्रदेश में कुल 11388 यातायात नियम उल्लंघनों पर कार्रवाई की गई. इनमें 1543 वाहनों में अवैध संरचनात्मक परिवर्तन, 1144 अनाधिकृत लाल-नीली बत्ती, फ्लैशर और हूटर, 562 प्रेशर हॉर्न, 3910 वाहनों पर काली फिल्म, 1604 वाहनों पर अनाधिकृत शब्द एवं चिन्ह और 2625 नियम विरुद्ध नंबर प्लेट एवं पंजीयन चिन्ह के मामलों में कार्रवाई की गई. अंतिम दिन अजमेर जिला 1098 कार्यवाहियों के साथ पूरे प्रदेश में शीर्ष पर रहा. जयपुर पश्चिम के 1084 मामलों के बाद जयपुर पूर्व में 820, जयपुर ग्रामीण में 551, जयपुर यातायात में 227, जयपुर दक्षिण में 51 और जयपुर उत्तर में 33 चालान काटे गए.

पढ़ें: ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर चला पुलिस का डंडा, 9 दिनों में 79,195 चालान, इन पर हुई कार्रवाई

इसके अलावा अन्य प्रमुख जिलों में भी पुलिस का डंडा पूरी तेजी से चला, जिसके तहत चित्तौड़गढ़ में 433, झुंझुनू में 409, कोटपूतली-बहरोड़ में 358, जालोर में 351, कोटा शहर में 316, सवाई माधोपुर में 283, दौसा में 278, सलूम्बर में 251 और धौलपुर में 225 वाहनों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई अमल में लाई गई. पुलिस अधिकारियों के अनुसार भले ही यह विशेष अभियान 30 जून को समाप्त हो गया हो, लेकिन सड़कों पर हुड़दंग मचाने और नियमों को ताक पर रखकर चलने वालों के खिलाफ नियमित रूप से जीरो टॉलरेंस की नीति आगे भी इसी तरह जारी रहेगी.