बकाएदारों से साठगांठ पड़ी भारी, 6 कर्मचारियों पर गिरी गाज
केस्को में स्क्रैप के बाद अब बिलिंग घोटाला!

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : August 27, 2026 at 2:32 PM IST
|Updated : August 27, 2026 at 2:54 PM IST
कानपुर: शहर में कानपुर इलेक्ट्रिसिटी सप्लाई कंपनी लिमिटेड (केस्को) में बड़े बकाएदारों को बिलिंग के मामले में राहत देने के लिए एमडी ने अब एक्सईएन समेत कई अफसरों और कर्मियों को चार्जशीट दे दी है. एक बार फिर केस्को में स्क्रैप घोटाला के बाद ये नया घोटाला सामने आया है. इस मामले में लंबे समय तक जांच के बाद केस्को एमडी नेहा जैन ने सख्त कार्रवाई कर गड़बड़ी करने वालों को बड़ा संदेश दिया है.
कौन-कौन नपे: जिन्हें चार्जशीट दी गई, उनमें एक्सईएन मनीष निषाद, सहायक अभियंता पंकज कुमार, अवर अभियंता संतोष कुमार, लेखाकार अभिलाष कुमार, कार्यकारी सहायक शालिनी और हसमत हुसैन शामिल हैं.
इस तरह के मामलों की जांच जारी है. जहां-जहां शिकायतें मिलेंगी वहां जांच होगी और जो दोषी होगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी. मेरा मकसद पूरे सिस्टम को बेहतर करना है. घोटाले जैसे मामलों से विभाग की छवि खराब होती है, लेकिन सुधार के लिए कार्रवाई जरूरी है.- नेहा जैन, केस्को एमडी
गड़बड़झाले की कहानी: कानपुर में कुछ समय पहले ही केस्को की ओर से वर्टिकल व्यवस्था को लागू किया गया था. कुछ सालों पहले तक सभी सबस्टेशंस पर उपभोक्ता अपने बिल संबंधी कामों को करा लेते थे लेकिन व्यवस्था बदली तो इसके लिए एक अफसर को ही सारी जिम्मेदारी दी गई और उसके अधीनस्थ तैयार किए गए. ऐसे में जनवरी 2025 से लेकर मई 2026 तक कई बड़े बकाएदारों के बिलों को बहुत कम राशि में ही सेटल कर दिया गया. जब इस मामले की शिकायत हुई और फिर जांच तो सारा खेल सामने आ गया. जिन एक्सईएन मनीष निषाद को चार्जशीट दी गई, उनके पास कई माह तक वर्टिकल व्यवस्था की जिम्मेदारी थी.

कुछ दिनों पहले स्क्रैप घोटाला में की गई थी सख्त कार्रवाई: कुछ दिनों पहले ही केस्को में सामने आए स्क्रैप घोटाला मामले में केस्को एमडी नेहा जैन ने एक जेई को जेल भेजने के साथ ही एक एक्सईएन को निलंबित कर दिया था. अभी उस मामले की जांच भी जारी है.

