ETV Bharat / state

बिहार में एक और पुल में आई दरार, बटाने नदी पर बने ब्रिज का स्लैब खिसका

बिहार को झारखंड से जोड़ने वाले एनएच 139 पर बने बटाने पुल का स्लैब खिसक गया है. भारी वाहनों पर रोक लगा दी गई है.

Aurangabad Batane Bridge
औरंगाबाद के बटाने पुल में दरार (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : May 26, 2026 at 4:53 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

औरंगाबाद: बिहार के औरंगाबाद के बटाने पुल में दरार आ गई है. महज 15 वर्षों में ही पुल का स्लैब खिसक गया है और एक पिलर आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गया है. जिसके कारण जिला प्रशासन ने पुल पर तत्काल प्रभाव से भारी वाहनों के आवागमन को रोक दिया है. वहीं अन्य मालवाहक वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से पार कराया जा रहा है.

बटाने पुल में दरार: राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 139, जो झारखंड के डाल्टनगंज हरिहरगंज होते हुए औरंगाबाद जिले की सीमा में प्रवेश करता है और औरंगाबाद होते हुए पटना को जाता है, यह राष्ट्रीय राजमार्ग अति व्यस्त राजमार्ग है. इसका फोरलेन करने की मांग लंबे समय से की जा रही थी. वाहनों के दबाव के चलते बटाने नदी पर स्थित पुल का स्लैब खिसक गया है.

बटाने नदी पर बने ब्रिज का स्लैब खिसका (ETV Bharat)

भारी वाहनों के परिचालन पर रोक: डीएम अभिलाषा शर्मा ने एनएच- 139 पर किलोमीटर 141 पर अवस्थित बटाने नदी पर स्थित पुल की जर्जर स्थिति को देखते हुए भारी वाहनों के आवागमन पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने का आदेश निर्गत किया है. उन्होंने कहा कि संभावित दुर्घटना की आशंका को देखते हुए कार्यपालक अभियंता द्वारा तत्काल प्रभाव से भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगाने और केवल हल्के वाहनों के आवागमन की अनुमति देने का अनुरोध किया गया था. जिसकी जांच के बाद बटाने पुल से भारी वाहनों के परिचालन पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने का आदेश दिया गया है.

Aurangabad Batane Bridge Crack
बटाने नदी पर बने पुल का स्लैब खिसका (ETV Bharat)

"कार्यपालक अभियंता, राष्ट्रीय उच्च पथ प्रमण्डल, औरंगाबाद द्वारा सूचित किया गया कि पथ निरीक्षण के दौरान पाया गया कि बटाने पुल जिसकी कुल लंबाई 225 मीटर, 9x25 मीटर है, काफी जर्जर स्थिति में है. पुल के विभिन्न गर्डरों में दरार तथा बियरिंग के पेडस्टल के पास भी दरार पाई गई है. निरीक्षण के दौरान लिए गए स्थलीय फोटोग्राफ भी उपलब्ध कराए गए हैं."- अभिलाषा शर्मा, जिलाधिकारी, औरंगाबाद

हल्के वाहनों के परिचालन की अनुमति: राष्ट्रीय उच्च पथ प्रमण्डल के कार्यपालक अभियंता को आवश्यक संकेतक बोर्ड और क्रैश बैरियर लगाने का निर्देश दिया गया है. साथ ही भारी वाहनों के वैकल्पिक परिचालन के लिए अम्बा से देव एनएच-19 और अम्बा से बारूण एनएच-19 भाया नवीनगर मार्ग पर आवश्यक संकेतक बोर्ड लगाने का भी निर्देश दिया गया है, ताकि भारी वाहनों के परिचालन में किसी प्रकार की कठिनाई उत्पन्न न हो.

इसके अतिरिक्त संबंधित पुल की मरम्मति के लिए अविलंब आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने और कार्य की प्रगति से जिला प्रशासन को यथाशीघ्र अवगत कराने का निर्देश भी दिया गया है. बटाने पुल के बंद होने के बाद परिवर्तित यातायात मार्ग औक दण्डाधिकारी-पुलिस पदाधिकारियों की भी प्रतिनियुक्ति की गई है.

भारी वाहनों के परिचालन पर रोक: एनएच 139 स्थित बटाने पुल से भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगाए जाने के बाद जिला प्रशासन द्वारा वैकल्पिक यातायात व्यवस्था लागू कर दी गई है. जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा और पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार भारी और व्यवसायिक वाहनों के सुरक्षित और सुगम परिचालन के लिए विस्तृत रूट चार्ट तैयार किया गया है.

Aurangabad Batane Bridge Crack
बटाने ब्रिज (ETV Bharat)

नए वैकल्पिक रूट: पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) मनोज कुमार ने बताया कि रोहतास से हरिहरगंज जाने वाली भारी वाहन बारूण से तेतरिया मोड़ होते हुए जपला मार्ग से हरिहरगंज जा सकेंगे. गया और पटना से हरिहरगंज जाने वाले भारी वाहन बारूण-जपला मार्ग होकर हरिहरगंज जाएंगे. हरिहरगंज से औरंगाबाद आने वाले भारी वाहनों का प्रवेश औरंगाबाद सीमा पर निषेध रहेगा. ऐसे वाहन जपला-बारूण-राष्ट्रीय उच्च पथ-19 मार्ग का उपयोग करेंगे.

हरिहरगंज से औरंगाबाद आने वाली बड़ी यात्री बसें और 12 चक्का व्यवसायिक वाहन अम्बा चौक से नवीनगर-बारूण होकर औरंगाबाद आ सकेंगे. रोहतास की ओर से आने वाली बड़ी यात्री बसें और 12 चक्का व्यवसायिक वाहन बारूण-केशव मोड़-तेतरिया-नवीनगर-अम्बा चौक होकर हरिहरगंज जा सकेंगे. पटना और गया की ओर से हरिहरगंज जाने वाली बड़ी यात्री बसें और 12 चक्का व्यवसायिक वाहन भी उक्त वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करेंगे. औरंगाबाद से नवीनगर जाने वाले छोटे वाहन चतरा मोड़ से माली होते हुए नवीनगर जा सकेंगे.

ये भी पढ़ें:

बिहार में एक और पुल डेंजर! गोपालगंज में गंडक पुल पर भारी वाहनों की एंट्री पर रोक

बिहार के एक और महासेतु पर मंडराया संकट, पुल में आया 7 इंच का गैप, वाहनों की एंट्री पर बैन

बिहार में 14 साल में ही धंस गया 5.50 करोड़ का पुल, 3 जिलों का टूटा संपर्क

बिहार में 7.32 करोड़ का पुल धंसा, स्लैब में दरार.. करोड़ों की परियोजना पर उठे सवाल

विक्रमशिला पुल टूटने से बढ़ीं मुश्किलें… नाव के सहारे जान जोखिम में डाल रहे लोग