सीपीआई माले ने निकाय चुनाव में मतदान के लिए वोटरों को किया जागरूक, इस तरह के प्रत्याशियों को वोट देने की अपील
नगर निकाय चुनाव को लेकर झारखंड सीपीआई माले ने वोटरों को जागरूक किया है.

Published : February 19, 2026 at 8:45 PM IST
रांची: झारखंड में 48 शहरी निकाय चुनाव के लिए 23 फरवरी को मतदान होना है. दलीय आधार पर इस बार चुनाव नहीं होने के बावजूद राज्य की प्रायः सभी मुख्य राजनीतिक पार्टियों ने मेयर, अध्यक्ष पद के लिए अपने समर्थित उम्मीदवार चुनाव मैदान में न सिर्फ उतारे हैं, बल्कि उनकी जीत सुनिश्चित करने के लिए ताबड़तोड़ मेहनत भी कर रहे हैं. इन सबके बीच झारखंड राज्य में इंडिया ब्लॉक के प्रमुख घटक दल और दो विधायकों वाली पार्टी सीपीआई माले ने राज्य के मतदाताओं से ज्यादा से ज्यादा मतदान करने के साथ-साथ अपने-अपने स्तर से दूसरों को भी मतदान करने की अपील की है. साथ ही सांप्रदायिकता, अपराध, भ्रष्टाचार, महिला-हिंसा और नशाखोरी में संलग्न उम्मीदवारों को परास्त करने की अपील की है.
पार्टी के मेन रोड स्थित प्रदेश कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन कर सीपीआई माले ने अपने समर्थकों से अपील की कि वह अपने-अपने क्षेत्र में आपसी सद्भाव बढ़ाने वाले, नागरिक सुविधा और कमजोर तबकों के लिए संघर्ष करने वाले और हमेशा तत्पर रहने वाले उम्मीदवारों को वोट देने के लिए जागरूक करें. आज भाकपा माले की ओर प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी के राज्य सचिव मनोज भक्त, आरएन सिंह, अनंत प्रसाद गुप्ता और नंदिता भट्टाचार्य उपस्थित थीं.
मतदाताओं से निम्न बिंदुओं पर अपील जारी की गई
भाकपा माले के राज्य सचिव मनोज भक्त ने कहा कि लोकतंत्र की बुनियाद आपका मताधिकार है. वार्ड से लेकर देश के स्तर तक की नीतियां आपके वोट से चुने गए प्रतिनिधि तय करते हैं. आज आपके मताधिकार पर हमला लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है. अतः आपके मताधिकार का महत्व और उसका सचेत होकर इस्तेमाल आज और भी अधिक आवश्यक हो गया है.
वोट करें और मतदान के लिए जागरुकता फैलाएं
नगर निकाय चुनाव में आप अपने मताधिकार का अवश्य प्रयोग करें और मतदान के प्रति अपने आसपास भी जागरुकता फैलाएं. उन्होंने कहा कि मतदाता अपने वोट के माध्यम से वार्ड पार्षद से लेकर महानगर पालिका, नगर निगम, नगर परिषद और नगर पंचायतों के अध्यक्ष का चुनाव करेंगे.
उन्होंने कहा कि नागरिक अपेक्षा करते हैं कि उनका वार्ड और शहर सामाजिक-धार्मिक सद्भाव से परिपूर्ण, अपराधमुक्त, नशामुक्त और भ्रष्टाचार-मुक्त हो. स्वच्छ पेयजल, बिजली और आवास सुलभ हों तथा स्वच्छ और प्रदूषण-मुक्त वातावरण सुनिश्चित किया जाए. स्कूलों में पर्याप्त शिक्षक और अस्पतालों में आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हों. कमजोर तबकों के हित में अनुकूल निर्णय लिए जाएं. नगर निकाय अपनी जिम्मेदारियां निजी कंपनियों को न सौंपें, क्योंकि निजीकरण से रोजगार और सेवाओं की गुणवत्ता प्रभावित होती है तथा नागरिकों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ बढ़ता है.
ईमानदार और जनसेवा के प्रति समर्पित प्रत्याशी चुनें
सांप्रदायिक अपराध में संलिप्त या उसका समर्थन करने वाले, मॉब लिंचिंग का समर्थन करने वाले, महिलाओं के विरुद्ध हिंसा करने वाले या ऐसे अपराधियों को संरक्षण देने वाले, जमीन-दलाल, नशाखोरी को बढ़ावा देने वाले तथा गरीबों की आवाज दबाने वाले उम्मीदवार जनहित के अनुरूप शासन नहीं दे सकते. अतः मतदाता साथियों से अपील है कि सांप्रदायिक सद्भाव, महिलाओं के सम्मान और गरीबों के हित के प्रति प्रतिबद्ध, ईमानदार एवं जनसेवा के प्रति समर्पित प्रत्याशी को अपना मत दें. नागरिक सुविधाओं और अधिकारों के प्रति संवेदनशील और जमीनी लोकतंत्र को मजबूत करने वाले उम्मीदवारों का समर्थन करें.
ये भी पढ़ें-
कांग्रेस और बीजेपी ने किया जारी घोषणा पत्र, धनबाद और बोकारो में आला नेताओं का लगा जमावड़ा
धनबाद की गलियों में भाजपा विधायक बेच रहे 'मिर्ची'! लोगों को पसंद आ रहा अनोखा अंदाज

