सीपीआई एमएल की मांग: परिसीमन के पहले आदिवासी संगठनों की सहमति हासिल करे परिसीमन कमेटी
रांची में आदिवासी एकता महाजुटान रैली को सीपीआई एमएल ने सफल करार दिया है. उपेंद्र कुमार की रिपोर्ट.

Published : August 30, 2026 at 8:15 PM IST
रांची: भाकपा माले की राज्य कमेटी ने परिसीमन के मुद्दे पर आदिवासी संगठनों द्वारा आयोजित आदिवासी एकता महाजुटान रैली को सफल बताया है. उन्होंने इसे जनजातीय समुदाय की जन आकांक्षा से जोड़ते हुए रैली को सफल करार दिया.
सीपीआई माले के राज्य सचिव मनोज भक्त ने रैली के दौरान मंच से पारित प्रस्ताव का समर्थन दिया. उन्होंने कहा कि सीपीआई माले की मांग है कि झारखंड में परिसीमन प्रक्रिया शुरू करने के पहले आरक्षित सीटों के मामले में परिसीमन कमेटी आदिवासी संगठनों की सहमति हासिल करे.
सीपीआई माले के राज्य सचिव ने प्रेस नोट जारी कर कहा कि राज्य में जनसंख्या अनुपात के नाम पर लोकसभा-विधानसभा में आरक्षित आदिवासी सीटों का प्रतिशत या उनके प्रभावी राजनीतिक स्थिति कमजोर करने की किसी भी कोशिश को भाकपा माले स्वीकार नहीं करेगी. उन्होंने कहा कि आदिवासियों की सीटों के प्रतिशत या प्रभावी संख्या में गिरावट, आदिवासी समुदायों की सामाजिक-राजनीतिक स्थिति पर घातक हमला के समान होगा.
ऐसे में भाकपा माले, केंद्र सरकार को सतर्क करती है कि आदिवासी सीटों के प्रतिशत या प्रभावी संख्या में गिरावट की कोई भी कोशिश झारखंड के लिए विनाशकारी साबित होगी. जिसके खिलाफ सीपीआई माले राज्य में समान विचारधारा वाले दलों के साथ मिलकर सड़क से सदन तक निर्णायक लड़ाई लड़ेगा.
इसे भी पढ़ें- रांची में आदिवासी एकता महाजुटान रैली में बंधु तिर्की ने भरी हुंकार, बोले- हमारा हक छीनने की कोशिश हुई तो कर देंगे ठीक
इसे भी पढ़ें- परिसीमन के मुद्दे पर महाजुटान रैली, 30 अगस्त को सभी जिलों से रांची पहुंचेंगे आदिवासी समाज के लोग
इसे भी पढ़ें- सरना धर्मकोड और परिसीमन का मुद्दा गरमाया, आदिवासी छात्र संघ ने दी उग्र आंदोलन की चेतावनी

