गांधी परिवार पर सीपी सिंह की विवादित टिप्पणी, कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष ने कहा- ईश्वर उन्हें सद्बुद्धि दें
बीजेपी नेता सीपी सिंह ने नेहरू-गांधी परिवार को लेकर आपत्तिजनक बयान दिया है. कांग्रेस पार्टी ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया है.


Published : December 21, 2025 at 4:49 PM IST
रांची: झारखंड भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं में से एक और झारखंड विधानसभा के स्पीकर रह चुके रांची विधायक एवं पूर्व मंत्री सीपी सिंह ने नेहरू-गांधी परिवार को लेकर फिर से बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी की है.
मनरेगा की जगह नई योजना 'वीबी जी राम जी' शुरू करने का समर्थन करते हुए भाजपा विधायक सीपी सिंह ने कहा कि उनका मानना है कि अगर उनका बस चले तो जितनी योजनाएं पंडित नेहरू, इंदिरा गांधी या अन्य के नाम पर चल रही हैं, उन सब से उनका नाम मिटा देना चाहिए. सीपी सिंह इतने पर नहीं रुके. उन्होंने आगे कहा कि जो वास्तविक राष्ट्रनायक हैं, जैसे सम्राट अशोक, चाणक्य, चंद्रगुप्त या फिर शहीद-ए-आजम भगत सिंह, खुदीराम बोस, सुभाषचंद्र बोस जैसे राष्ट्रभक्तों के नाम पर योजनाएं होनी चाहिए. अन्यथा राष्ट्रद्रोहियों के नाम पर तो योजनाओं का नाम होना ही नहीं चाहिए.
बापू किसी योजना में नाम का मोहताज नहीं: सीपी
भाजपा विधायक सीपी ने कहा कि वह बापू के नाम पर योजनाओं की बात नहीं कर रहे हैं, क्योंकि उनका व्यक्तित्व किसी योजना के नाम का मोहताज नहीं है. झारखंड विधानसभा के स्पीकर रह चुके सीपी सिंह ने कहा कि महापुरुषों के नाम बेचने वाले कांग्रेसी आज भी उसी काम में लगे हुए हैं. सीपी सिंह ने कहा कि ये लोग गांधी खानदान से हैं क्या? जितना खिचड़ी में व्यंजन नहीं पड़ता.
कांग्रेस की सांसद को नकली गांधी सरनेम वाली महिला बताते हुए सीपी सिंह ने कहा कि हिमाचल में सत्ता में आते ही नौकरी की बात करने वाली प्रियंका गांधी बताएं कि शिमला में आज क्या स्थिति है.
सीपी सिंह के लिए ऐसे बयान दूध-भात, ईश्वर उन्हें सद्बुद्धि दें: बंधु तिर्की
सीपी सिंह द्वारा नेहरू-गांधी परिवार को लेकर दिए गए बयान को दुर्भाग्यपूर्ण करार देते हुए कांग्रेस नेता बंधु तिर्की ने कहा कि सात-आठ बार के विधायक, स्पीकर और मंत्री रह चुके सीपी सिंह से ऐसी भाषा और बोली की उम्मीद नहीं की जाती. उन्होंने कहा कि इस उम्र में सीपी सिंह घटिया बातें कहने से परहेज करें और ईश्वर उन्हें सद्बुद्धि दें.
ये भी पढ़ें:

