अभिनेत्री सेलिना जेटली को संयुक्त अरब अमीरात में कैद भाई से संपर्क करने में मदद करने का आदेश
अभिनेत्री सेलिना जेटली ने भारतीय दूतावास से भी संपर्क किया लेकिन कोई लाभ नहीं मिला. उसके बाद उन्होंने दिल्ली हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है.

Published : December 4, 2025 at 8:34 PM IST
नई दिल्ली: दिल्ली हाईकोर्ट ने विदेश मंत्रालय को निर्देश दिया है कि वो अभिनेत्री सेलिना जेटली को संयुक्त अरब अमीरात में कैद में रखे गए उनके भाई सेवानिवृत मेजर विक्रांत कुमार जेटली से संपर्क करने में मदद करे. जस्टिस सचिन दत्ता की बेंच ने सेलिना जेटली की याचिका पर ये आदेश दिया.
आज सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार की ओऱ से बताया गया कि मेजर जेटली को कानूनी सहायता दी जा रही है. केंद्र सरकार ने कहा कि मेजर जेटली जिस वकील को रखना चाह रहे हैं वो उन्हें उपलब्ध कराया जा रहा है. केंद्र सरकार ने कहा कि मेजर जेटली ने अपनी बहन से संपर्क करने का विकल्प चुना है. केंद्र सरकार ने मेजर जेटली से कहा था कि वे चाहें तो अपनी पत्नी और बहन का नंबर दे सकते हैं ताकि बात हो सके लेकिन मेजर जेटली ने अपनी बहन का नंबर दिया.
सेलिना जेटली के भाई को प्रभावी कानूनी मदद पहुंचाने का आदेश: कोर्ट ने 3 नवंबर को विदेश मंत्रालय को निर्देश दिया था कि वो सेलिना जेटली के भाई को प्रभावी कानूनी मदद पहुंचाए. कोर्ट ने विदेश मंत्रालय को इस संबंध में स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश दिया था. सुनवाई के दौरान अभिनेत्री सेलिना जेटली भी कोर्ट में मौजूद थीं. सेलिना जेटली ने याचिका दायर कर कहा है कि उनके सेना से रिटायर्ड भाई मेजर विक्रांत कुमार जेटली का संयुक्त अरब अमीरात अपहरण कर लिया गया और वो करीब एक साल से कैद में हैं. याचिका में मांग की गई है कि मेजर विक्रांत कुमार जेटली को विदेश मंत्रालय की ओर से कानूनी सहायता, चिकित्सा सुविधा और राजनयिक सहायता उपलब्ध करायी जाए.
सेलिना जेटली का भाई संयुक्त अरब अमीरात में है कैद: सुनवाई के दौरान कोर्ट ने केंद्र सरकार से मेजर विक्रांत कुमार जेटली के हालचाल को लेकर स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश दिया. कोर्ट ने केंद्र सरकार को ये भी निर्देश दिया कि वो मेजर विक्रांत कुमार जेटली से उनकी पत्नी और बहन का संपर्क कराने के लिए कदम उठाएं. कोर्ट ने मेजर विक्रांत कुमार जेटली के परिवार के सदस्यों को उनके बारे में अपडेट देने के लिए एक नोडल अफसर नियुक्त करने का भी आदेश दिया.
सेलिना जेटली ने भारतीय दूतावास से भी मांगी थी मदद: सुनवाई के दौरान सेलिना जेटली की ओर से पेश वकील ने कहा कि विदेश मंत्रालय ने मेजर विक्रांत कुमार जेटली के केस और उनके हालचाल को लेकर कोई भी ब्यौरा नहीं दिया है. हालांकि केंद्र सरकार की ओर से पेश वकील ने कहा कि मेजर विक्रांत कुमार जेटली को दूतावास से मदद मिल रही है.
याचिका में कहा गया है कि मेजर विक्रांत ने भारतीय सेना और लेबनान में संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन को अपनी सेवाएं दी हैं. वे संयुक्त अरब अमीरात में एक कंसल्टेंसी फर्म को अपनी सेवाएं दे रहे थे. वहां उनका एक मॉल से तब अपहरण कर लिया गया जब उनकी पत्नी उनके साथ थीं. उनके अपहरण की सूचना मिलने के बाद सेलिना जेटली ने केंद्र सरकार के मदद पोर्टल पर अपनी शिकायत दर्ज करायी. शिकायत दर्ज कराने के बावजूद उन्हें अपने भाई के बारे में कोई अपडेट नहीं मिली. सेलिना जेटली ने संयुक्त अरब अमीरात स्थित भारतीय दूतावास से भी संपर्क किया लेकिन कोई लाभ नहीं मिला. उसके बाद उन्होंने दिल्ली हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है.
यह भी पढ़ें:

