ETV Bharat / state

DMCH की लिफ्ट में दो घंटे तक फंसे रहे दंपत्ति, दरवाजा तोड़कर निकाले गए बाहर

दंपत्ति डॉक्टर से परामर्श लेने के लिए दंपत्ति ऊपरी मंजिल पर गए थे.ग्राउंड फ्लोर पर पहुंचने के बावजूद लिफ्ट का दरवाजा नहीं खुला. पढ़ें खबर

COUPLE TRAPPED IN DMCH LIFT
DMCH अस्पताल की लिफ्ट में फंसे दंपत्ति (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : June 3, 2026 at 6:19 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

दरभंगा: बिहार के दरभंगा में डीएमसीएच यानि दरभंगा मेडिकल कॉलेज के सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में अचानक अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला. दरअसल एक दंपत्ति अस्पताल की लिफ्ट में करीब दो घंटे फंसे रहे. काफी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला जा सका.

नहीं खुला लिफ्ट का दरवाजा: मिली जानकारी के मुताबिक जिले के बहेड़ी थाना क्षेत्र के अटहर गांव निवासी एक दंपत्ति डॉक्टर से परामर्श लेने के लिए अस्पताल की ऊपरी मंजिल पर गए थे. दोपहर करीब दो बजे वे नीचे आने के लिए लिफ्ट में सवार हुए. ग्राउंड फ्लोर पर पहुंचने के बावजूद लिफ्ट का दरवाजा नहीं खुला, जिससे दोनों अंदर ही फंस गए.

मदद के लिए लगाई आवाज: वहीं घटना के बाद समय बीतने के साथ दंपत्ति घबरा गए और मदद के लिए आवाज लगाने लगे. लिफ्ट के भीतर से लगातार आवाजें आने पर ड्यूटी पर मौजूद कर्मियों ने उन्हें बाहर निकालने की कोशिश की लेकिन सफलता नहीं मिली.

तोड़ा गया लिफ्ट का दरवाजा: घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल प्रशासन और अधिकारी मौके पर पहुंचे.काफी कोशिशों के बाद भी जब लिफ्ट का दरवाजा नहीं खुला तो उसे तोड़ने का फैसला लिया गया. करीब दो घंटे की लंबी जद्दोजहद के बाद लिफ्ट का दरवाजा तोड़कर दोनों को बाहर निकाला गया.

COUPLE TRAPPED IN DMCH LIFT
दरभंगा मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल (ETV Bharat)

महिला की तबीयत बिगड़ी: वहीं इतनी देर तक लिफ्ट में फंसे होने के कारण बाहर निकलते ही महिला की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें तत्काल चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराई गई. उन्हें तत्काल एम्बुलेंस के जरिए इमरजेंसी विभाग भेजकर इलाज कराया गया. वहीं इलाज के बाद हालत सामान्य होने पर उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई.

लंबे समय से खराब हैं लिफ्ट्स: बताया जा रहा है कि डीएमसीएच सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की अधिकांश लिफ्ट्स लंबे समय से खराब हैं. फिलहाल केवल एक लिफ्ट का उपयोग किया जा रहा था, जिसकी तकनीकी स्थिति भी पूरी तरह संतोषजनक नहीं बताई जा रही है.

दुरुस्त करने का कार्य जारी: वहीं मामले में अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. सुरेंद्र कुमार ने बताया कि सभी लिफ्टों की मरम्मत और रखरखाव के लिए संबंधित एजेंसी को वार्षिक अनुरक्षण अनुबंध (एएमसी) दिया गया है. लिफ्टों को दुरुस्त करने का कार्य जारी है. उन्होंने कहा कि दंपत्ति के लिफ्ट में फंसने की सूचना मिलते ही उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के लिए तत्काल कार्रवाई की गई.

"लिफ्ट्स की मरम्मती का काम लगातार जारी है, जल्द ही व्यवस्था बेहतर कर दी जाएगी. लिफ्ट में फंसने की सूचना पर ही उनके रेस्क्यू करने के लिए जरूरी कदम उठाए गए. फिलहाल महिला की हालत सामान्य होने पर उन्हें छुट्टी दे दी गई." - डॉ. सुरेंद्र कुमार, उपाधीक्षक, डीएमसीएच

इसे भी पढ़ें -

1700 मरीजों के खाने पर संकट; बिहार के सरकारी अस्पताल में आज से रोटी बंद, कब होगा LPG का इंतजाम?

सांस छोड़ते-छोड़ते भी 2 लोगों की जिंदगी में भर दी रोशनी, जानें कौन थे ओम प्रकाश सराफ