ETV Bharat / state

गुमला में सड़क हादसे में स्कूटी सवार दंपती की मौत, मंदिर से दर्शन कर लौटते समय हुआ हादसा

गुमला में सड़क हादसे में स्कूटी सवार दंपती की मौत हो गई.

couple riding scooter died
घटनास्थल पर पड़ा हेलमेट और स्कूटी (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : June 30, 2026 at 5:29 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

गुमला: जिले के सदर प्रखंड क्षेत्र में एक सड़क दुर्घटना में स्कूटी सवार दंपती की मौके पर ही मौत हो गई. यह हादसा अंजन धाम में हुआ. पुलिस के मुताबिक, दंपती अंजन पहाड़ी मंदिर से पूजा-अर्चना करके लौट रहे थे, तभी अचानक एक मवेशी सामने आ जाने से उनकी स्कूटी अनियंत्रित हो गई. तेज ढलान पर स्कूटी सड़क से नीचे उतरकर पत्थर और पेड़ से टकरा गई, जिससे दोनों की मौत हो गई.

घटनास्थल पर पहुंचे थाना प्रभारी

घटना की सूचना मिलते ही टोटो थाना प्रभारी कुंदन कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे. घटना में दोनों की मौत की पुष्टि करते हुए उन्होंने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गुमला सदर अस्पताल भेज दिया. डॉ. असीम मिंज ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. मृतकों की पहचान लोहरदगा जिले के सेन्हा थाना क्षेत्र के कुंद गढ़ी निवासी के रूप में हुई है.

पुलिस ने दी परिजनों को घटना की जानकारी

पुलिस ने मृतकों के मोबाइल फोन से उनके परिजनों से संपर्क कर घटना की जानकारी दी. सूचना मिलने पर परिजन गुमला सदर अस्पताल पहुंचे. घटना के बारे में बताया जाता है कि स्कूटी चालक हेलमेट पहने हुए था बावजूद उसकी चोट लगने से मौत हो गई.

ढलान रास्ता होने की वजह से हुई घटना

अंजन धाम को भगवान हनुमान की जन्मस्थली माना जाता है और मंगलवार को यहां विशेष पूजा-भंडारे का आयोजन होता है. इस कारण दूर-दूर से श्रद्धालु आते हैं और भीड़ रहती है. स्थानीय लोगों ने बताया कि पहाड़ी मंदिर तक जाने के लिए काफी ढलान से गुजरना पड़ता है और सड़क के दोनों ओर रेलिंग न होने से चट्टान या पेड़ से टकराने का खतरा हमेशा बना रहता है. यहां पूर्व में भी ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं. घटना के विषय में टोटो थाना प्रभारी कुंदन कुमार ने पुष्टि की है.

ये भी पढ़ें- रामगढ़ सड़क हादसा: मुआवजा और अन्य मांगों पर बनी सहमति, ग्रामीणों ने हटाया सड़क जाम

रामगढ़ सड़क हादसा: डीसी-एसपी द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण, एनएचएआई को स्थायी सुरक्षा उपाय करने के निर्देश

रामगढ़ में भीषण सड़क हादसा, 8 लोगों की मौत