ETV Bharat / state

नोएडा में तीसरी मंजिल से कूदे युवक और युवती, एक की मौत; युवती दिल्ली रेफर

गौतमबुद्ध नगर के नोएडा में एक युवक ने अपनी कथित प्रेमिका के साथ एक मकान की तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी.

नोएडा में कूदने का मामला
नोएडा में कूदने का मामला (File Photo)
author img

By ETV Bharat Delhi Team

Published : May 4, 2026 at 9:04 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

नई दिल्ली/नोएडा: नोएडा के सेक्टर-24 थानाक्षेत्र स्थित चौड़ा रघुनाथपुर गांव में सोमवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक और युवती तीन मंजिला मकान की छत से कूद गए. इस हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवती गंभीर रूप से घायल हो गई. उसे उपचार के लिए सफदरगंज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है.

एसीपी 2 स्वतंत्र सिंह ने बताया कि सोमवार को चौड़ा रघुनाथपुर गांव में गजराज सिंह के तीन मंजिला मकान की छत पर अचानक हलचल हुई. घर में मौजूद लोगों को कुछ आहट सुनाई दी, जिस पर गजराज सिंह का बेटा मोनू छत पर पहुंचा. वहां मौजूद एक युवक और युवती ने अचानक छलांग लगा दी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक सीधे सड़क पर गिरा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. वहीं युवती गिरते समय बिजली के तारों से टकराते हुए नीचे गिरी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई.

युवती दिल्ली रेफर

सूचना मिलने पर सेक्टर-24 थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों को घायल अवस्था में जिला अस्पताल पहुंचाया गया. वहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि युवती की गंभीर हालत को देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार के बाद दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया. पुलिस जांच में मृतक युवक की पहचान मेरठ के निवासी पुनीत चौहान के रूप में हुई है, जो नोएडा में एक निजी कंपनी में काम करता था.

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि युवती घटना से दो दिन पहले अपने घर से निकली हुई थी. पुलिस को आशंका है कि वह युवक से मिलने आई थी. यह भी संभावना जताई जा रही है कि युवक घटनास्थल के आसपास ही रहता हो. घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि युवक और युवती घटनास्थल तक कैसे पहुंचे और घटना से पहले क्या परिस्थितियां थीं.

मामले की हर एंगल से जांच

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है. यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दोनों ने छलांग क्यों लगाई. मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि युवती के बयान का इंतजार किया जा रहा है, जिससे घटना की असल वजह सामने आ सके. पुलिस दोनों के परिजनों से भी पूछताछ कर रही है और उनके मोबाइल फोन की कॉल डिटेल्स खंगाली जा रही हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना से पहले दोनों के बीच क्या बातचीत हुई थी.

ये भी पढ़ें: