ETV Bharat / state

बूंदी में रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में जा रहे दंपती को ट्रैक्टर ने रौंदा, पत्नी की मौत

घायल सत्यनारायण सेन के बयान के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी.

RUN OVER BY TRACTOR,  TRACTOR RUN OVER COUPLE
पुलिस थाना डाबी. (ETV Bharat bundi)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : June 3, 2026 at 5:10 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

बूंदीः नेशनल हाइवे-27 पर बुधवार को डाबी बरड़ क्षेत्र में थड़ी पुलिया कट के पास हुए सड़क हादसे में रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे दंपती को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने कुचल दिया. हादसे में 55 वर्षीय महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि उसका पति घायल हो गया.

डाबी थाने के सहायक उपनिरीक्षक दामोदर सिंह ने बताया कि नमाना निवासी सत्यनारायण सेन अपनी पत्नी इंद्रा बाई सेन के साथ बड़फू गांव में एक रिश्तेदार के दाह संस्कार में शामिल होने बाइक से निकले थे. जब वे डाबी क्षेत्र में नेशनल हाइवे-27 स्थित थड़ी पुलिया कट के पास पहुंचे, तभी तेज गति और लापरवाही से आ रहे एक ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए.

पढ़ेंः जयपुर की सड़क पर फिर रफ्तार का कहर, टक्कर के बाद SUV ने बाइक सवार को घसीटा, मौत

पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत हाइवे एम्बुलेंस के जरिए कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया. वहां, चिकित्सकों ने इंद्रा बाई की हालत नाजुक देखते हुए उपचार शुरू किया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. वहीं, सत्यनारायण सेन का उपचार जारी है. हादसे की सूचना मिलते ही डाबी थाना पुलिस मौके पर पहुंची. डाबी थाने के सहायक उपनिरीक्षक दामोदर सिंह ने बताया कि घायल सत्यनारायण सेन के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को जब्त करने की कार्रवाई की जा रही है. कोटा मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम के बाद मृतका का शव परिजनों को सौंप दिया गया.