चरखी दादरी में दंपत्ति ने की खुदकुशी, मौके से मिला सुसाइड नोट, जांच में जुटी पुलिस और एफएसएल टीम
चरखी दादरी में नाई का काम करने वाले एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी के साथ खुदकुशी कर लिया है.

Published : December 20, 2025 at 8:13 PM IST
चरखी दादरीः गांव बेरला में दंपति ने शनिवार अल सुबह अपने घर में छत पर बने कमरे में आत्महत्या कर ली. जानकारी मिलते ही परिजनों ने पुलिस को सूचित किया. बाढड़ा थाना पुलिस और एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की. उनके पास से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ. पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए दादरी के सिविल अस्पताल पहुंचाया. पुलिस ने मृतकों के परिजनों के बयान के आधार पर केस दर्ज करते हुए आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है.
नाई काम करते थे मृतकः विनोद कुमार ने बताया कि "मृतक विष्णु मेरे चाचा थे. उन्होंने चाची संगीता के साथ खुदकुशी कर ली है. विष्णु नाई का काम करते थे. वे अपना सैलून चलाते थे." बता दें कि गांव बेरला में दंपति द्वारा सुसाइड करने पर परिजनों की सूचना के आधार पर बाढड़ा पुलिस गांव में पहुंची. इस दौरान पुलिस ने मकान में छत पर बने कमरे में 32 वर्षीय विष्णु और 30 वर्षीय उसकी पत्नी का शव मिला. मौके पर एफएसएल टीम भी पहुंची और जांच के दौरान एक टीम को सुसाइड नोट भी बरामद हुआ.
पोस्टमार्टम के लिए भेजी डेड बॉडी : पुलिस के अनुसार पैसों के लेन-देन का मामला आ रहा है. केस में सभी एंगल से जांच की जा रही है. दोनों के शवों को दादरी के सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है.
क्या बोले डीएसपीः डीएसपी सुभाष चंद्र ने बताया कि "परिजनों ने दंपति के सुसाइड करने की सूचना पुलिस को दी थी जिसके बाद एफएसएल टीम के साथ जांच की गई है. जांच में एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है. पुलिस द्वारा पूरे मामले की जांच की जा रही है. जांच के बाद मामला स्पष्ट हो पायेगा."

