ETV Bharat / state

रांची में महाकाउंटिंग शुरू, मतपेटियों से खुलेगी प्रत्याशियों की किस्मत!

रांची में नगर निकाय चुनाव की मतगणना शुरू हो गई है. मतपेटियां खुलते ही प्रत्याशियों की किस्मत भी खुलने लगेगा.

MUNICIPAL ELECTION RESULTS
रांची नगर निगम मतगणना स्थल (ईटीवी भारत)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : February 27, 2026 at 11:14 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

रिपोर्ट: चंदन भट्टाचार्य

रांची: झारखंड के नगर निकाय चुनाव की मतगणना शुक्रवार को सुबह 8 बजे से शुरू होनी थी, लेकिन थोड़ी विलंब हुई है. राजधानी रांची में काउंटिंग को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. मतपेटियों को खोलकर बैलेट पेपर की गिनती शुरू कर दी गई है. रांची नगर निगम इस बार खास फोकस में है. जहां मेयर और पार्षद पदों के लिए कड़ा मुकाबला हुआ है.

रांची नगर निगम में मतगणना पांच राउंड में पूरी की जाएगी. इसके लिए 225 टेबल लगाए गए हैं. प्रत्येक टेबल पर काउंटिंग सुपरवाइजर, सहायक कर्मी और माइक्रो ऑब्जर्वर की तैनाती की गई है. यहां 11 मेयर प्रत्याशियों और 360 पार्षद प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला होना है. मतगणना स्थल के बाहर सुबह से ही प्रत्याशियों और समर्थकों की हलचल तेज हो गई है.

मतगणना स्थल से जानकारी देते संवाददाता चंदन भट्टाचार्य (ईटीवी भारत)

नगर निकाय चुनाव बैलेट पेपर के माध्यम से कराए गए थे. इसलिए गिनती मतपेटियों को खोलकर की जाएगी. सबसे पहले पोस्टल बैलेट की गिनती होगी. इसके बाद मतपेटियों से निकाले गए बैलेट पेपर की छंटाई और गणना राउंडवार की जाएगी. प्रत्येक राउंड के बाद अधिकृत रूप से रुझान घोषित किए जाएंगे और सभी राउंड पूरे होने के बाद अंतिम परिणाम जारी किया जाएगा.

मतगणना स्थल छावनी में तबदील

मतगणना स्थल को पूरी तरह छावनी में तब्दील कर दिया गया है. भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है और हर प्रवेश द्वार पर कड़ी बैरिकेडिंग की गई है. बिना वैध पास के किसी को भी अंदर जाने की अनुमति नहीं है. सुरक्षा के मद्देनजर जिला पुलिस के साथ अतिरिक्त बल भी तैनात है. काउंटिंग हॉल के भीतर और बाहर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है. हर टेबल पर प्रत्याशियों के अधिकृत एजेंट मौजूद रहेंगे. जो बैलेट पेपर की गिनती पर नजर रखेंगे. प्रशासन ने चिकित्सा टीम, बिजली बैकअप और आपातकालीन सेवाओं की भी व्यवस्था की है. ताकि प्रक्रिया निर्बाध रूप से पूरी हो सके.

रांची में मेयर पद के लिए मुकाबला बेहद रोचक माना जा रहा है. राजनीतिक दल के समर्थित उम्मीदवार के साथ कई निर्दलीय उम्मीदवार भी मैदान में हैं. पार्षद पदों पर भी कई वार्डों में कांटे की टक्कर है. जैसे-जैसे बैलेट पेपर की गिनती आगे बढ़ेगी, वैसे-वैसे शहर की नई सरकार की तस्वीर साफ होती जाएगी. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें और केवल आधिकारिक घोषणा पर ही भरोसा करें. मतगणना से जुड़े अपडेट समय-समय पर जारी किए जाएंगे. राजधानी रांची में अब कुछ ही देर में लोकतंत्र का फैसला बैलेट पेपर के जरिए सामने आने लगेगा.

ये भी पढ़ें: देवघर में मतगणना केंद्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, केंद्र के बाहर भीड़ को लेकर विशेष निर्देश

पुराने तेवर में नजर आये विधायक जयराम महतो, लंबित छात्रवृत्ति पर कल्याण मंत्री को दे दी ये नसीहत

लाइव Live: रांची में पहले राउंड की मतगणना शुरू, 1309 टेबलों पर एक साथ मतों की गिनती