ETV Bharat / state

एडेड जूनियर हाईस्कूल भर्ती में बड़ी चूक, सामाजिक विज्ञान के 60 अभ्यर्थियों की काउंसलिंग डेट गायब

सहायक अध्यापक के 1262 और प्रधानाध्यापक के 253 पदों समेत कुल 1515 पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है.

शिक्षा निदेशालय उत्तर प्रदेश
शिक्षा निदेशालय उत्तर प्रदेश (Photo Credit; ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : January 7, 2026 at 10:17 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

प्रयागराज: जूनियर हाईस्कूलों में चल रही शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में बेसिक शिक्षा निदेशालय की गंभीर लापरवाही सामने आई है. 1515 पदों पर हो रही भर्ती के तहत जारी काउंसलिंग कार्यक्रम में सामाजिक विज्ञान विषय के 241 से 300 क्रम संख्या वाले अभ्यर्थियों की काउंसलिंग तिथि का उल्लेख ही नहीं किया गया है. 60 अभ्यर्थियों की काउंसलिंग डेट गायब है.

उत्तर प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त एडेड जूनियर हाईस्कूलों में सहायक अध्यापक के 1262 और प्रधानाध्यापक के 253 पदों समेत कुल 1515 पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है. काउंसलिंग और अभिलेख सत्यापन 12 जनवरी से 12 फरवरी तक लखनऊ स्थित बेसिक शिक्षा निदेशालय में प्रस्तावित है.

भर्ती का संशोधित परीक्षाफल छह सितंबर 2022 को जारी हुआ था. इसके बाद 24 नवंबर से 14 दिसंबर तक ऑनलाइन आवेदन लिए गए और 24 दिसंबर को अंतिम सूची प्रकाशित की गई. सोमवार को बेसिक शिक्षा निदेशक प्रताप सिंह बघेल ने काउंसलिंग का विस्तृत कार्यक्रम जारी किया, लेकिन इसमें सामाजिक विज्ञान विषय के 241 से 300 क्रम संख्या वाले अभ्यर्थियों को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया गया.

सामाजिक विज्ञान में 314 पद: सामाजिक विज्ञान विषय में 314 पदों के सापेक्ष 628 अभ्यर्थियों को काउंसलिंग के लिए बुलाया जाना है. हालांकि जारी कार्यक्रम में केवल 568 अभ्यर्थियों की ही काउंसलिंग तिथियां स्पष्ट की गई हैं. शेष 60 अभ्यर्थियों को कब और किस तिथि को उपस्थित होना है, इसका कोई जिक्र नहीं है. हालांकि सामाजिक विज्ञान के लिए पांच दिन की काउंसलिंग तय की गई है, लेकिन क्रम संख्या 241 से 300 तक के अभ्यर्थियों की तिथियां कार्यक्रम में दर्ज नहीं हैं.


माध्यमिक एवं बेसिक शिक्षा के अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने बताया कि यह चूकवश हुआ है और इसे जल्द ठीक करने के निर्देश दे दिए गए हैं.

काउंसलिंग का घोषित कार्यक्रम

  • 12 और 13 जनवरी: संस्कृत .
  • 15 से 19 जनवरी: प्रधानाध्यापक
  • 20 से 22 जनवरी: अंग्रेजी
  • 24 से 29 जनवरी: हिंदी
  • 30 जनवरी से 4 फरवरी: सामाजिक विज्ञान
  • 5 से 12 फरवरी: विज्ञान एवं गणित

यह भी पढ़ें: वित्तीय सहायता प्राप्त जूनियर हाई स्कूल प्रधानाध्यापक और अध्यापक चयन परीक्षा का पेपर आउट, आरोपी प्रिंसिपल गिरफ्तार

यह भी पढ़ें: एडेड जूनियर हाईस्कूल में प्रिंसिपल व शिक्षक की भर्ती, आवेदन कल से