बूंदी में एक रात में 50 दुकानों से एसी के कॉपर वायर चोरी, गुस्साए व्यापारियों का पुलिस को 7 दिन का अल्टीमेटम
व्यापारियों ने मांग की कि चोरियों पर तत्काल अंकुश लगाएं. रात्रि गश्त बढ़ाएं तथा संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की स्थायी व्यवस्था करें.

Published : January 10, 2026 at 3:51 PM IST
बूंदी: शहर की कानून-व्यवस्था पर उस समय गंभीर सवाल खड़े हो गए, जब शुक्रवार रात चोरों ने प्रमुख बाजारों में एक साथ 50 से अधिक दुकानों को निशाना बनाया. चोर एसी के कॉपर वायर ले गए. एक रात में इतनी वारदातों से व्यापारियों में जबरदस्त रोष फैल गया. व्यापार मंडलों ने कोतवाली पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया और दोषियों को तुरंत गिरफ्तारी की मांग की. गुस्साए व्यापारियों ने चेताया कि 7 दिन में चोरों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो बाजार बंद कर उग्र आंदोलन करेंगे.
इंदिरा मार्केट व्यापार संघ के सचिव सुशील कासट ने बताया कि संयुक्त व्यापार महासंघ एवं इंदिरा मार्केट संघ के तत्वावधान में पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा. कोतवाली थाने में रिपोर्ट दी. इसमें शहर के इंदिरा मार्केट, पुरानी धान मंडी, सब्जी मंडी एवं चौगान गेट क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरियों पर गहरी चिंता जताई और कहा कि पुलिस की निष्क्रियता से चोरों के हौसले बुलंद हैं. व्यापारियों ने बताया कि सुबह व्यापारी दुकानों पर पहुंचे तो एसी वायर गायब मिले. कई दुकानों में एसी बेकार हो गए. हजारों-लाखों रुपए का नुकसान हुआ. कासट ने बताया कि संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने एसपी से मांग की कि चोरियों पर तत्काल अंकुश लगाएं. रात्रि गश्त बढ़ाएं तथा संवेदनशील बाजार क्षेत्रों में पुलिस की स्थायी व्यवस्था करें. शहर के सीसीटीवी कैमरों की नियमित निगरानी और खराब कैमरों को शीघ्र दुरुस्त कराएं.
संगठित गिरोह का काम: संयुक्त व्यापार महासंघ के अध्यक्ष प्रेम प्रकाश एवरग्रीन ने बताया कि 80 से 100 दुकानों के एसी की वायरिंग चोरी हो गई. इसे संगठित गिरोह ने अंजाम दिया. प्रेमप्रकाश ने आरोप लगाया कि व्यापारियों ने दो-तीन बार कोतवाली थाने में रिपोर्ट दी, लेकिन एक भी गिरफ्तारी नहीं हुई. व्यापारियों का कहना है कि मुख्य बाजारों में रात में पुलिस गश्त नाममात्र की है. कई क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे लगे होने के बावजूद मॉनिटरिंग नहीं हो रही. इसका फायदा असामाजिक तत्व उठा रहे हैं. बढ़ती चोरियों से व्यापारी वर्ग असुरक्षित महसूस कर रहा है.
पढ़ें: लाखों की नकदी और आभूषण चोरी के मामले में दो आरोपी यूपी से गिरफ्तार, 2 लाख से ज्यादा बरामद
उग्र आंदोलन की चेतावनी: संघ सचिव प्रशांत मोदी ने कहा कि चोरियां नहीं रूकी और दोषियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो संयुक्त व्यापार महासंघ सभी सहयोगी संघों के साथ सामूहिक एवं उग्र आंदोलन करेगा. इसमें बाजार बंद, धरना-प्रदर्शन और प्रदर्शनात्मक आंदोलन किए जाएंगे. इंदिरा मार्केट व्यापार संघ के अध्यक्ष विजय प्रकाश जैन, कमल अग्रवाल, राजीव भंडारी, पदम कुमार बाकलीवाल समेत बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित थे.
पुलिस का जवाब: कोतवाली के ड्यूटी ऑफिसर हेमराज ने बताया कि मौके पर गए तो कुछ दुकानों से एसी कॉपर वायर चोर काटकर ले गए. एएसआई ने 50 से अधिक दुकानों पर कॉपर वायर चोरी से इनकार किया. कोतवाली थाना प्रभारी रमेश आर्य ने बताया कि व्यापारियों ने एसी कॉपर वायर चोरी होने की रिपोर्ट दी. मामले की जांच जारी है.
पढ़ें: विराटनगर : बंद मकानों में करते थे चोरियां, दो गिरफ्तार

